Haryana Vidhan Sabha Chunav: हरियाणा की खरखौदा विधानसभा सीट पर साल 2009 में परिसीमन के बाद से भारतीय जनता पार्टी कभी जीत नहीं पाई है। दिल्ली से सटे सोनीपत जिले में एससी कैटेगरी के लिए रिजर्व इस सीट पर हमेशा कांग्रेस का ही कब्जा रहा है। इस बाद बीजेपी ने यहां से हरियाणा एससी वित्त और विकास विभाग के पूर्व अध्यक्ष पवन खरखौदा को चुनावी दंगल में उतारा है, ताकि यहां अपनी किस्मत बदल सके।
खरखौदा ने पहली बार साल 2014 के चुनावों में निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। साल 2019 में वह जेजेपी के टिकट पर फिर से चुनाव हार गए। इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में खरखौदा ने 5 अक्तूबर को होने वाले चुनावों में अपनी संभावनाओं, अग्निवीर योजना और पहलवानों के विरोध प्रदर्शन समेत कई मुद्दों पर बात की।
खरखौदा सीट पर बीजेपी की हमेशा हारती है। इस बार क्या आपको उम्मीद है कि यहां पर जीत होगी?
इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि खरखौदा में बदलाव की लहर है। चुनाव की तैयारियां अच्छी रही हैं और सभी 58 गांवों और शहरी इलाकों से 36 बिरादरियों के लोग और बुद्धिजीवी मेरा समर्थन कर रहे हैं। इसके अलावा निर्दलीय भी मेरे समर्थन में है। साथ ही कांग्रेस विधायक जयवीर सिंह के खिलाफ भी सत्ता विरोधी लहर है। लोग उन्हें हराना चाहते हैं और चुनाव को खरखौदा बनाम सिंह की लड़ाई बना दिया है। यह अंदरूनी बनाम बाहरी की लड़ाई भी है। लोगों का मानना है कि उनकी समस्याओं का हल तब ही होगा जब सिंह को हराया जाएगा।
आप एससी वोटर्स से कैसे संपर्क कर रहे हैं?
हमारे यानी भारतीय जनता पार्टी के लिए संविधान एक पवित्र ग्रंथ है। यह भगवद गीता से भी ज्यादा पवित्र है। बीजेपी कभी इसे बदलने नहीं देगी। इसके उलट कांग्रेस ने संविधान को ठेस पहुंचाई और 1975 में इमरजेंसी लगाई। उन्होंने संविधान को सैकड़ों बार बदला है। उनकी मानसिकता संविधान विरोधी है।
अग्निवीर योजना को लेकर क्या बोले पवन खरखौदा
लोग जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ही अकेली ऐसी पार्टी है जो देश के बारे में सोचती है। वहीं विपक्ष केवल इसके नाम पर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश कर रहा है। वे जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश करते हैं। वहीं बीजेपी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
हरियाणा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों का विरोध चर्चा का विषय बना हुआ है?
पवन खरखौदा ने कहा कि पहलवान और बाकी खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। वे देश और तिरंगे का सम्मान बढ़ा रहे हैं। अगर कोई बात किसी एक शख्स की वजह से मुद्दा बन जाती है तो उसका कोई मतलब नहीं रह जाता। कई बार यह विचारधाराओं की लड़ाई बन जाती है। पहलवानों के विरोध को कांग्रेस ने राजनीतिक रंग दे दिया। बीजेपी ने पहलवानों के साथ कभी अन्याय नहीं किया और हमेशा उनके समर्थन में खड़ी रही।
नायब सिंह सैनी को सीएम बनाने के बाद में बीजेपी के लिए सत्ता विरोध भावना कम हुई?
भारतीय जनता पार्टी हर कार्यकर्ता को मौके देती है और यह अकेली पार्टी है जहां किसी भी जाति या धर्म का जमीनी कार्यकर्ता शीर्ष पद पर पहुंच सकता है। इसके उलट कांग्रेस एक विधायक को तब तक फिर से उम्मीदवार बनाता है जब तक वह जिंदा है। भारतीय जनता पार्टी के सभी मुख्यमंत्रियों ने अच्छा काम किया है और बदलाव तो एक प्रक्रिया है। मनोहर लाल खट्टर और सैनी दोनों ने अच्छा काम किया है। बीजेपी हरियाणा के विकास के लिए काम करती है।
(लालमनी वर्मा की रिपोर्ट)