राहुल गांधी के संसद में महाभारत में चक्रव्यूह को लेकर दिए गए बयान के बाद अब उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि ईडी के अंदरूनी सूत्रों ने उन्हें जानकारी दी है कि जल्द उन पर छापा मारा जा सकता है। इस हमले के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर हमला भी हो सकता है। इसकी साजिश विदेशी धरती पर रची गई है।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ‘2 इन 1 को चक्रव्यूह के संदर्भ में मेरा भाषण पसंद नहीं आया। ईडी के एक सूत्र ने मुझे बताया कि अब आप पर छापा पड़ने वाला है। इस संबंध में योजना तैयार की जा रही है। मैं तैयार हूं, ईडी का इंतजार कर रहा हूं। चाय और बिस्किट मेरी तरफ से।’ बता दें कि राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि जैसे महाभारत में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाया गया था वैसे ही देश की जनता को भी फंसाया जा रहा है। उन्होंने इसका आरोप पीएम मोदी और अमित शाह पर लगाया था।
संजय राउत ने किया दावा
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए जो लोग सरकार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन सभी के खिलाफ साजिश रची जा रही है। यह साजिश विदेशी धरती पर रची जा रही है…कुछ भी हो सकता है, हम सब पर हमला हो सकता है, राहुल गांधी पर हमला हो सकता है। क्योंकि जिस तरह से पिछले महीने में हम सबने राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार से लोहा लिया है, उससे उनकी नींद उड़ गई है।”
राउत ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में सरकार को आईना दिखाने का काम किया है। राहुल गांधी पर सरकार फिर कार्रवाई कर सकती है। हम इसके लिए तैयार हैं। बीजेपी चुनाव में भले ही बहुमत खो चुकी हो लेकिन असंवैधानिक काम करने की लत उनसे छूट नहीं रही है। बीजेपी सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं हम सभी के खिलाफ साजिश रची जा रही है। विदेशी जमीन पर ये साजिश रची जा रही है। राहुल गांधी ने इस सरकार की नींद उड़ा दी है। लेकिन हम पर अभी भी गैंगस्टरों की मदद से हमला किया जा सकता है।
गिरिराज और कंगना ने साधा निशाना
राहुल गांधी के बयान के बाद बीजेपी भी इसे लेकर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि अब राहुल रात के 2 बजे वायनाड से अफवाह फैलाते हैं, झूठ की खेती करते हैं, झूठ का नैरेटिव करते हैं। वहीं बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा कि राहुल गांधी जो बोलते हैं उसका कोई मतलब नहीं होता है। लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते हैं।