अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को योग को लोकप्रिय बनाने के लिए धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। इसके साथ लिखा है कि लोग योग के महत्व को समझें और इसे अपने जिंदगी में शामिल करें।
कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर, हम पं. नेहरू को धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने योग को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यहां तक कि इसे राष्ट्रीय नीति का हिस्सा भी बनाया। आइए हम प्राचीन कला के महत्व की सराहना करें और हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए योग को जीवन में शामिल करें’।
कांग्रेस के इस ट्वीट को कोट रीट्वीट करते हुए कांग्रेस के सांसद ने योगा को बढ़ाने के लिए पीएम मोदी के योगदान की सराहना करने की बात कही, उन्होने लिखा, ‘जरूर। हमें उनका भी धन्यवाद करना चाहिए जिन्होंने योग को पुनर्जीवित कर लोकप्रिय बनाया, इसमें हमारी सरकार, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्रालय शामिल हैं। इन्होंने संयुक्त राष्ट्र के जरिए योग दिवस का अंतर्राष्ट्रीयकरण किया। मैं दशकों से कहता आ रहा है, योग हमारी सॉफ्ट पावर का अहम हिस्सा है। इसे मान्यता मिलने देखना अच्छा लगता है।’
पीएम मोदी ने योगा-डे पर दिया संदेश
पीएम मोदी अमेरिका में हैं लेकिन योग दिवस के अवसर पर उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने योग को परिभाषित करते हुए कहा है कि “युज्यते अनेन इति योग’ अर्थात जो जोड़ता है वो योग है। इसलिए योग का ये प्रसार उस विचार का विस्तार है जो पूरे संसार को एक परिवार के रूप में समाहित करता है।
पीएम मोदी आज संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर एक ऐतिहासिक समारोह में एक योग सत्र का नेतृत्व करेंगे, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारी, दुनिया भर की दूत और नामी हस्तियां हिस्सा लेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश साझा कर बताया कि वह शाम करीब साढ़े पांच बजे योग कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जो संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित किया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के आह्वान पर 180 से अधिक देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक है। 2014 में जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड संख्या में देशों ने इसका समर्थन किया।