कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही और इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के निशाने पर बीजेपी और आरएसएस है। सोमवार सुबह कांग्रेस ने ट्वीट के माध्यम से आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधा और एक फोटो भी शेयर की। फोटो में एक जलती खाकी हाफ पैंट थी और लिखा था 145 दिन और।
फोटो शेयर करने के साथ कांग्रेस ने लिखा था, “देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करना और भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करना। कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।”
वहीं अब आरएसएस के सह सरकार्यवाह मनमोहन वैद्य ने कांग्रेस के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के बाप-दादा भी संघ का तिरस्कार करते थे, लेकिन संघ रुका नहीं। उन्होंने कहा, “आप नफरत से जोड़ना चाह रहे हैं लेकिन नफरत वे (कांग्रेस) बांट रहे हैं। दूसरी बात उनके बाप-दादा ने संघ का तिरस्कार किया, पूरी ताकत के साथ किया, हमें रोकने का प्रयास किया। दो-दो बार प्रतिबंध लादे गए, लेकिन संघ रुका नहीं। संघ क्यों बढ़ रहा है क्योंकि संघ के सत्य सिद्धांत हैं पीढ़ी दर पीढ़ी कार्यकर्ता त्याग और बलिदान देने के लिए तैयार होते रहे हैं साथ ही समाज का सहयोग लगातार मिलता रहा है।”
बीजेपी सांसद और भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने भी कांग्रेस के ट्वीट पर निशाना साधा है। तेजस्वी सूर्या ने ट्वीट करते हुए लिखा, “1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया। इसके इकोसिस्टम ने 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया था। उन्होंने फिर से अपने इकोसिस्टम को हिंसा का आह्वान किया है। राहुल गांधी के ‘भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ने’ के साथ, कांग्रेस संवैधानिक साधनों में विश्वास करने वाली पार्टी नहीं रह गई है।”
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। अमित मालवीय ने ट्वीट करते हुए लिखा, “कांग्रेस ने सिर्फ 5 दिनों में अपने नुकीले टुकड़े कर दिए हैं। नेल्ली से भागलपुर तक, खैरलांजी से गोधरा तक, हाशिमपुरा से लेकर सिख जनसंहार तक, संगठित हिंसा पर फली-फूली पार्टी कभी भी जोड़ो भारत नहीं कर सकती।कांग्रेस दुष्ट है। यह इतिहास के कूड़ेदान तक ही सीमित रहने का पात्र है।”