उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार पर आए संकट को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने सख्ती दिखाई है। पार्टी ने बागी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे साकेत बहुगुणा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार मानते हुए छह साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है।
कांग्रेस साकेत बहुगुणा को इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड मान रही है। साकेत के साथ पार्टी के सयुक्त सचिव अनिल गुप्ता को भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।

प्रदेश पार्टी प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने मीडिया से कहा कि पार्टी की अनुशासन कमेटी ने प्रदेश ईकाई को आदेश दिया था कि साकेत और अनिल गुप्ता द्वारा मीडिया को दिए गए इंटरव्यू के आधार पर निष्कासित कर दिया जाए। जिसको देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

इस पहले रविवार को विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने पार्टी के नौ बागी विधायकों को नोटिस जारी किया था। नोटिस में सभी नौ विधायको को अयोग्य करार देने की बात कही गई थी। दूसरी तरफ, मुख्य विपक्षी भाजपा ने दावा किया है कि कांग्रेस के नौ बागी विधायकों समेत भाजपा के विधायकों ने अध्यक्ष कुंजवाल द्वारा विधानसभा में निष्पक्ष आचरण न किये जाने पर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे दिया है।

Read Also: कांग्रेस के बागी विधायकों को नोटिस, स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए MLA