2019 लोकसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे ही विभिन्न जनमत सर्वे का दौर भी शुरु हो गया है। ऐसा ही एक सर्वे कराया है कांग्रेस पार्टी ने। चौंकाने वाली बात ये है कि इस सर्वे में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लोकप्रिय नेता बने हुए हैं। हालांकि इस सर्वे में कांग्रेस के लिए जो अच्छी बात निकलकर सामने आयी है, वो ये है कि देश में राहुल गांधी की लोकप्रियता में पिछले कुछ महीनों के दौरान जबरदस्त उछाल आया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने चुनावों से पहले देश के मूड को समझने के लिए एक स्वतंत्र एजेंसी से सर्वे कराया था। पार्टी इस सर्वे की मदद से यह जानना चाहती है कि जनता के सामने सबसे बड़े मुद्दे क्या हैं।

माना जा रहा है कि पार्टी इस सर्वे के आधार पर ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तय करेगी। कांग्रेस के इस सर्वे में प्रधानमंत्री पद के लिए पीएम मोदी 49 फीसदी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 43 फीसदी जनता ने अपना पसंदीदा नेता बताया है। एनबीटी की एक खबर के अनुसार, इस सर्वे में जनता से पीएम मोदी की तीन सबसे सफल योजनाओं के नाम पूछे गए तो लोगों ने स्वच्छ भारत योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और उज्जवला योजना का नाम लिया है। वहीं मोदी सरकार की विफलताओं के बारे में पूछा गया तो लोगों ने नोटबंदी, महंगाई, बेरोजगारी को मोदी सरकार की सबसे बड़ी विफलता करार दिया।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पिछले कुछ महीने से काफी सक्रियता दिखा रही है। जहां एक तरफ मोदी सरकार एक के बाद एक मुश्किलों में फंसती नजर आ रही है। वहीं कांग्रेस, मोदी सरकार पर हमले का कोई मौका नहीं चूक रही है। फिर बात चाहे रफाल डील की हो, या फिर हालिया सीबीआई विवाद या आरबीआई विवाद। रफाल डील को तो कांग्रेस ने पूरे जोर-शोर से उठाया है, जिसके चलते केन्द्र सरकार थोड़े दबाव में भी दिखाई दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पीएम मोदी पर सीधा हमला बोल रहे हैं। वहीं हाल ही में सीबीआई में चल रही उठा-पटक और केन्द्र सरकार और आरबीआई के बीच स्वायत्तता को लेकर चल रही खींचतान ने भी मोदी सरकार को झटका दिया है।