देश में बढ़ती महंगाई से आम आदमी पर लगातार मार पड़ रही है। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी-पीएनजी के साथ ही अब घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में भी इजाफा हुआ है। बता दें कि शनिवार को तेल कंपनियों ने घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर में 50 रूपये बढ़ोतरी की है। ऐसे में अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 1000 के पार हो गया है।
बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें कई मशहूर फिल्मी हस्तियों के वीडियो को मिक्स करके घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर केंद सरकार पर निशाना साधा है। इस वीडियो के कैप्शन में कांग्रेस की तरफ से लिखा गया है, “आपने सुना क्या? ये तो गजब हो गया।”
बता दें कि इस वीडियो में रैपर बादशाह, आलिया भट्ट, शहनाज गिल, तमन्ना भाटिया सुना क्या कहते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक ट्रेंड देखने को मिला था। जिसमें तमाम सेलिब्रिटी ‘सुना क्या’ बोलते दिख रहे थे। इसे आम लोगों द्वारा भी अपनाते देखा गया। वहीं अब ऐसे वीडियोज को मिक्स करके कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से गैस सिलेंडर के दामों से जोड़कर दिखाया गया है।
बता दें कि गैस सिलेंडर के दामों में इससे पहले 22 मार्च 2022 को 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में गैस सिलेंडर की कीमत 949.50 रुपये हो गई थी। हालांकि अप्रैल में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई वृद्धि नहीं हुई थी। लेकिन अब मई में फिर 50 रुपए दाम बढ़ाए गये हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में भी 1 अप्रैल को भारी बढ़ोतरी देखने को मिली थी। एक अप्रैल को इसमें 249.50 रुपये प्रति सिलेंडर वृद्धि हुई थी। जिससे दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 2,253 रुपये हो गया था। वहीं 1 मई 2022 को भी कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 104 रुपये का इजाफा हुआ। जिसके बाद इसकी कीमत 2,355 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई।