असम में 3 चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। जारी किए गए लिस्ट में पश्चिम बंगाल की तरह ही कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का नाम शामिल नहीं किया गया है। इस लिस्ट में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मनमोहन सिंह समेत कई नेताओं का नाम शामिल है। वहीं इस लिस्ट से भी गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा समेत कई असंतुष्ट नेताओं को गायब कर दिया गया है।
पार्टी की ओर से 30 स्टार प्रचारकों की जो सूची चुनाव आयोग को सौंपी गई है उनमें सोनिया, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, अधीर रंजन चौधरी, जितिन प्रसाद, नवजोत सिद्धू और कई अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है।
हालांकि इस लिस्ट में भी G-23 के कई बड़े नेताओं का नाम शामिल नहीं है। असम विधानसभा चुनाव के लिए जारी किए गए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी और कपिल सिब्बल समेत G-23 के किसी भी नेता को शामिल नहीं किया गया है। कहा जा रहा है कि जम्मू में सभा आयोजित कर गांधी परिवार की आलोचना करने की वजह से इन नेताओं को चुनाव अभियान से दूर रखा गया है।
पिछले दिनों भाजपा ने भी अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। प्रधानमंत्री मोदी, योगी आदित्यनाथ, अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान समेत 40 नेताओं को इस लिस्ट में शामिल किया गया है। साथ ही इस लिस्ट में भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी और रवि किशन को भी रखा गया है। जबकि विवादित बयानों के लिए मशहूर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को चुनाव प्रचारों से दूर रखा गया है।
126 सीटों के लिए असम में तीन चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 27 मार्च को 47 सीटों पर मतदान होगा. इसके अलावा 1अप्रैल और 6 अप्रैल को दूसरे और तीसरे चरण का मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 2 मई को की जाएगी। मौजूदा असम विधानसभा का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा है।