कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और झारखंड में होने वाले विधानसभा उप चुनावों के लिए शुक्रवार 9 अक्टूबर को छह उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की लिस्ट के मुताबिक, पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पांच सीटों और झारखंड में एक सीट पर प्रत्याशियों का चयन किया है। उत्तर प्रदेश की नौगावां सादात से कमलेश सिंह, बुलंदशहर से सुशील चौधरी, टुंडला से स्नेहलता, घाटमपुर से कृपाशंकर और देवरिया से मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। झारखंड में बरमो विधानसभा क्षेत्र से कुमार जयमंगल को उम्मीदवार बनाया गया है।
गुजरात कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव ने शुक्रवार को दावा किया कि राज्य में तीन नवंबर को आठ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस जबरदस्त जीत हासिल करेगी क्योंकि जनता राज्य की भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है। ‘जन आक्रोश’ रैली को ऑनलाइन संबोधित करते हुए सातव ने कहा कि राज्य में भाजपा पिछले 25 साल से सत्ता में रही लेकिन किसानों और युवाओं समेत समाज के सभी वर्ग नाखुश हैं।
साथ ही आरोप लगाया कि सभी वर्गों ने यह महसूस किया है कि भगवा दल को वोट देना ” ऐसी भ्रष्टाचारी सत्ता को समर्थन देना है जोकि बांटो और शासन करो में भरोसा करता है।” कांग्रेस नेता ने कहा, ” भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकने का जन आंदोलन राज्य के उपचुनाव से शुरू होगा और स्थानीय निकाय चुनाव में भी जारी रहेगा (जोकि नवंबर के अंत अथवा दिसंबर के लिए प्रस्तावित है)। लोग भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुके हैं।” उन्होंने नए कृषि कानूनों को किसान विरोधी करार देते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।


