कांग्रेस ने 16 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने 15 सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं जबकि गोकलपुर सीट पर उम्मीदवार बदला है। जबकि मुंडका विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी से आए विधायक धर्मपाल लाकड़ा को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ को पटेल नगर से उम्मीदवार बनाया है।
जानें कहां से कौन उम्मीदवार
कांग्रेस ने चौथी लिस्ट में किराड़ी से राजेश गुप्ता, मॉडल टाउन से कुंवर करण सिंह, पटेल नगर सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, हरी नगर से प्रेम शर्मा, जनकपुरी से हरबनी कौर, विकासपुरी से जितेंद्र सोलंकी, नजफगढ़ से सुषमा यादव, पालम से मांगेराम, आरके पुरम से विशेष टोकास, ओखला से अरीबा खान, विश्वास नगर से राजीव चौधरी, गांधीनगर से कमल अरोड़ा, शाहदरा से जगत सिंह, घोंडा से भीष्म शर्मा और गोकुलपुर से ईश्वर बागड़ी को उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि कांग्रेस इस बार मजबूती से दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी 13 जनवरी को सीलमपुर में जनसभा को संबोधित किया और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। आम आदमी पार्टी के नेता कांग्रेस पर बीजेपी की बी टीम होने का भी आरोप लगा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेताओं को कहना है कि कांग्रेस, बीजेपी की मदद कर रही है।
क्यों AAP को झटका दे सकते हैं ऑटो रिक्शा चालक? कई बड़ी चुनौतियों का कर रहे सामना
कांग्रेस ने जंगपुरा विधानसभा सीट से बड़े मुस्लिम नेता फरहाद सूरी को टिकट दिया है और यहां से आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया लड़ रहे हैं। वहीं नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है। संदीप दीक्षित केजरीवाल के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं। संदीप दीक्षित पूर्व सांसद और शीला दीक्षित के बेटे भी हैं।
कांग्रेस ने कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस महिला अध्यक्ष अलका लांबा को उम्मीदवार बनाया है। अलका लांबा कांग्रेस की दिग्गज नेता मानी जाती हैं और वह आतिशी को टक्कर देंगी। कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की ओर से आतिशी उम्मीदवार हैं जबकि भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को उम्मीदवार बनाया है।