मध्य प्रदेश की भोपाल सीट से बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के लोकसभा में दिए गए विवादित बयान को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बीजेपी व आरएसएस पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि प्रज्ञा का बयान बीजेपी और आरएसएस की ‘आत्मा’ है, जिसे वे छिपा नहीं सकते। यह देश की संसद के इतिहास का एक ‘दुखद दिन’ है। बता दें कि साध्वी प्रज्ञा के बयान की काफी आलोचना हो रही है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कही यह बात: राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘यह बीजेपी और आरएसएस की आत्मा है। यह उनके दिल में है। कितनी भी कोशिश कर लें, लेकिन इसे छिपा नहीं सकते। यह बाहर आ ही जाता है। बीजेपी के लोग महात्मा गांधी की कितनी भी पूजा कर लें, लेकिन उनकी आत्मा यही है।’’
Hindi News Today, 28 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
प्रज्ञा के बयान को लेकर किया ट्वीट: इससे पहले राहुल गांधी ने प्रज्ञा की विवादित टिप्पणी का हवाला देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘‘आतंकवादी प्रज्ञा ने आतंकवादी गोडसे को देशभक्त बताया। यह भारत की संसद के इतिहास का एक दुखद दिन है।’’
प्रज्ञा ठाकुर ने की थी यह टिप्पणी: गौरतलब है कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बुधवार (27 नवंबर) को लोकसभा में एसपीजी संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान उस वक्त विवादित टिप्पणी की थी, जब डीएमए सदस्य ए राजा बोल रहे थे। हालांकि, प्रज्ञा की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था।
कांग्रेस लगातार साध रही निशाना: प्रज्ञा ठाकुर की विवादित टिप्पणी के बाद कांग्रेस लगातार बीजेपी पर निशाना साध रही है। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने भी इस मामले में बीजेपी का घेराव किया। उन्होंने कहा, ‘‘बीजेपी को स्पष्ट करना चाहिए कि वह गांधी के साथ है या गोडसे के? मुंह में गांधी और दिल में गोडसे नहीं चलेगा।’’