उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इसके साथ ही एक बार फिर अदिति सिंह के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं शुरु हो गई हैं। वहीं विधायक अदिति सिंह के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात पर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने कड़ी नाराजगी जतायी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अदिति सिंह के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर कहा है कि जिनकी कोई विचारधारा नहीं, वो चाहे जहां जाएं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि “जो लोग अपने स्वार्थ के बारे में सोचते हैं और जिनकी कोई विचारधारा नहीं, वो कहीं भी जा सकते हैं। हमने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा है यदि उनका कोई जवाब नहीं आता है तो फिर इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।” वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के सवाल पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि गुरुवार का दिन मुख्यमंत्री का विधायकों से मिलने का तय है। इसी लिए अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी।

उल्लेखनीय है कि गांधी परिवार के करीबियों में गिनी जाने वाली विधायक अदिति सिंह इन दिनों कांग्रेस पार्टी के आयोजनों से दूरी बना रही हैं। बता दें कि इससे पहले जब योगी सरकार ने गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र का आयोजन किया था, उस वक्त भी अदिति सिंह पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए इस विशेष सत्र में शामिल हुई थीं।

तभी से ही अदिति सिंह के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं शुरु हो गई थीं। हालांकि इसके लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अदिति सिंह को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा था, लेकिन अदिति सिंह द्वारा नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया है।

बता दें कि अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे थे और दबंग छवि के नेता माने जाते थे। वह रायबरेली सीट से पांच बार विधायक रहे थे और अब उनकी बेटी उनकी विरासत को संभाल रही हैं। उल्लेखनीय है कि योगी सरकार ने हाल ही में अदिति सिंह को वाई श्रेणी की सुरक्षा भी प्रदान की है।