पांच राज्यों में चुनाव करीब हैं और महंगाई इसमें बड़ा मुद्दा बनने वाला है। इसी को देखते हुए अब कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। आज दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली में कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अलग अंदाज में दिखायी दे रहे थे। बहुत सारे युवा मोदी-शाह और अन्य भाजपा नेताओं का मास्क लगाए हुए थे। वे क्रिकेट की ड्रेस पहने थे और हाथ में बैट लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘ये लोग महंगाई का वर्ल्ड कप खेलने गए थे और जीतकर आए हैं। आज भी कमर्शल गैस सिलेंडर के दाम 100 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। कांग्रेस टीवी में आकर बयान देती है लेकिन संसद में चर्चा नहीं करती है।’ उन्होंने पेट्रोल डीजल के दाम पर कहा कि , अंतरराष्ट्रीय कीमत के हिसाब से 40 रुपये में पेट्रोल मिलना चाहिए। पांच रुपये घटाया जाता है तो 10 रुपये दाम बढ़ा दिए जाते हैं।

कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस भी मौजूद थी। नारेबाजी के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को तितर बितर करने की कोशिश की तो वे सड़क पर ही लेट गए। इसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। कई लोगों को घसीटकर बस में बैठाया गया। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें भी खींचकर बस में बैठाया।

संसद परिसर में सांसदों ने किया प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले संसद परिसर में सांसदों ने भी विरोध प्रदर्शन किया। वे 12 राज्यसभा सांसदों के निलंबन को वापस लेने की मांग कर रहे थे। राहुल गांधी भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

क्या बोले सीताराम येचुरी
CPI (M) महासचिव सीताराम येचुरी ने भी गैस सिलिंडर के दामों में वृद्धि के मुद्दे पर कहा कि आम लोगों की जिंदगी पर मोदी सरकार हमला कर रही है औऱ लगातार परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि मुक्ति तभी मिलेगी जब इस सरकार को हराकर हटा पाएंगे।