कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा चुनाव में पार्टी को अच्छी संख्या में सीट मिलने पर बुधवार को खुशी जताते हुए राहुल गांधी की मेहनत और कड़े संघर्ष की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे अपने एक भावनात्मक पत्र में राहुल गांधी को झूठ के खिलाफ नहीं झुकने और सच्चाई के लिए लगातार संघर्ष करते रहने पर गर्व जताया। पत्र में प्रियंका गांधी ने लिखा कि आपके खिलाफ विरोधी लोग लगातार दुष्प्रचार करते रहे, लेकिन आपने उनकी परवाह नहीं की। इसके साथ ही उन्होंने यूपी की रायबरेली और केरल की वायनाड दोनों सीटों पर राहुल गांधी की जीत के लिए उनको बधाइयां भी दीं।
18वीं लोकसभा के लिए इस साल हुए आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने 99 सीटें जीती हैं। पिछली बार पार्टी को 52 सीटें मिली थीं। इस साल कांग्रेस पार्टी ने विपक्षी दलों को भी एकजुट करके आईएनडीआईए (INDIA) नाम से एक गठबंधन बनाया था। गठबंधन ने इस चुनाव में भारी सफलता पाई है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा- आपने अन्याय के खिलाफ हमेशा किया है संघर्ष
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि आपके दृढ़ निश्चय पर संदेह करने और आपके खिलाफ “झूठ का भारी दुष्प्रचार” किए जाने के बावजूद आप कभी झुके नहीं और “सच्चाई के लिए आप लड़ते रहे।” राहुल गांधी को “सभी लोगों में सबसे ज्यादा शक्तिशाली” बताते हुए, उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने प्यार, सच्चाई और करुणा के साथ नफरत के खिलाफ लड़ाई लड़ी। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनको अपने भाई पर गर्व है।
प्रियंका गांधी ने सलाह भी दी। उन्होंने लिखा, “आप अपने लक्ष्य की ओर जुटे रहिए, उन लोगों ने आपके बारे में क्या कहा और क्या किया, इसकी परवाह नहीं करिये…चाहे कोई भी परेशानी रही हो आप कभी नहीं झुके, आपके दृढ़ निश्चय को लेकर वे चाहे जितना संदेह किए हों, आपने अपने ऊपर भरोसा बनाए रखा। उन लोगों ने आपके खिलाफ भारी मात्रा में झूठा दुष्प्रचार किया, लेकिन आपने सच्चाई के लिए लड़ने से कभी पीछे नहीं हटे। आपने कभी गुस्सा नहीं किया, नफरत नहीं की, जबकि वे लोग आपको ऐसा करने के लिए रोज उकसाते रहे।”
उन्होंने कहा, “आपने अपने दिल में प्यार, सच्चाई और दयालुता को रखकर संघर्ष किया। जिन लोगों ने आपमें ऐसा नहीं देखा, अब देख रहे हैं, लेकिन हममें से कुछ लोग आपको हमेशा देखते हैं और आपको सभी में सबसे बहादुर मानते हैं। भाई@राहुल गांधी, मुझे आपकी बहन होने पर गर्व है।”