कांग्रेस आज (28 दिसंबर) अपना 140वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधाराएं कभी नहीं मरतीं। खड़गे ने इंदिरा भवन स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं के कारण ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन पाया।
‘हमारा हौसला अब भी बुलंद’
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “आज (रविवार को) स्थापना दिवस पर मैं उन लोगों से एक बात स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं, जो कहते हैं कि ‘कांग्रेस का अंत हो गया है’। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि हमारी शक्ति भले ही कम हो गई हो, लेकिन हमारा हौसला अब भी बुलंद है। हमने किसी से समझौता नहीं किया, न संविधान से, न धर्मनिरपेक्षता से और न ही गरीबों के अधिकारों से। हम भले ही सत्ता में न हों, लेकिन हम समझौता नहीं करेंगे।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और जोर देकर कहा कि पार्टी ने कभी मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत नहीं फैलाई। उन्होंने कहा, “कांग्रेस एकजुट करती है, जबकि भाजपा बांटती है। कांग्रेस ने धर्म को केवल आस्था तक ही सीमित रखा, लेकिन कुछ लोगों ने धर्म को राजनीति में घसीट लिया। आज भाजपा सत्ता में है, लेकिन उसके पास सच्चाई नहीं है। इसलिए कभी आंकड़े छिपाए जाते हैं, कभी जनगणना रोक दी जाती है, कभी संविधान बदलने की बातें होती हैं।”
दिग्विजय सिंह को मिला शशि थरूर का साथ, कांग्रेस संगठन और अनुशासन के मुद्दों पर कह दी बड़ी बात
बीजेपी पर खड़गे ने साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आज इतिहास पर भाषण दे रहे हैं, उनके पूर्वज इतिहास से भाग रहे थे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि वर्ष 2025 महात्मा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने का शताब्दी वर्ष, संविधान को अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ और वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 दादाभाई नौरोजी की 200वीं वर्षगांठ, सरोजिनी नायडू के कांग्रेस अध्यक्ष बनने की शताब्दी और ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ गीत की शताब्दी है, जिसे पहली बार दिसंबर 1925 में कानपुर कांग्रेस अधिवेशन में गाया गया था।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि भारत की स्वतंत्रता के समय के आसपास कई देशों ने स्वतंत्रता प्राप्त की, जिसमें से कुछ देश असफल रहे, जबकि अन्य में तानाशाही का बोलबाला रहा। उन्होंने दावा किया कि केवल भारत ही ऐसा देश है, जहां लोकतंत्र जीवंत है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं की बदौलत ही भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बन पाया है।” मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भारत की जनता के कल्याण, सशक्तीकरण और समावेशी विकास के लिए काम किया है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “हम भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों में समान अवसर में दृढ़ विश्वास रखते हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140 साल का गौरवशाली इतिहास सत्य, अहिंसा, त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की महान गाथा का वर्णन करता है।”
