मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए भाजपा द्वारा विधायकों को लालच देने और हरियाणा के गुरुग्राम के एक होटल में जबरन रखे जाने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने माफियाओं के सहारे कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। विधानसभा में हमारे पास पूरा बहुमत है, जिसे हम बजट और स्पीकर-डिप्टी स्पीकर के चुनाव में दिखा भी चुके हैं।

हालांकि, इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री और निर्दलीय विधायक प्रदीप जयसवाल ने कहा, “मैं तब तक कमलनाथ सरकार के साथ हूं, जब तक यह सत्ता में है। अगर भविष्य में सरकार गिरती है, तो मेरे विकल्प खुले रहेंगे। आगे का फैसला मेरी विधानसभा के लोग और यहां का विकास निर्धारित करेगा।”

मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं जिनमें से दो सीट रिक्त है । सदन में बहुमत के लिए 115 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। विधानसभा में कांग्रेस के 114 विधायक हैं तथा कांग्रेस सरकार चार निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा विधायक के समर्थन के साथ कमजोर बहुमत पर टिकी है।

Live Blog

20:16 (IST)04 Mar 2020
कांग्रेस के 15-20 विधायक हमारे संपर्क मेंः BJP नेता नरोत्तम मिश्रा का दावा

मध्य प्रदेश के भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने भी मध्य प्रदेश सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सभी विधायक हमारे संपर्क में रहते हैं। कांग्रेस के विधायक अपने लोगों के काम नहीं करा पा रहे थे। इससे उनमें असंतुष्टि बढ़ रही थी, क्योंकि वे लोगों के प्रति जवाबदेह हैं। अभी 15-20 विधायक हमारे संपर्क में हैं।

जबकि इससे पहले कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ किया है कि मध्यप्रदेश में कमजोर बहुमत पर खड़ी मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा कोई प्रयास नहीं कर रही है बल्कि प्रदेश कांग्रेस अपने ही अंतर कलह से ग्रसित है।

15:43 (IST)04 Mar 2020
राज्यसभा में कांग्रेस मध्यप्रदेश से चाहेगी दो सीटें

पिछले लोकसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह भोपाल से तो सिंधिया, गुना लोकसभा सीट से चुनाव हार गए थे। मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होने वाले हैं। तीन सीटों से वर्तमान में दिग्विजय सिंह :कांग्रेस:, सत्यनारायण जटिया और प्रभात झा :दोनों भाजपा: राज्यसभा सांसद है।

राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश से दोनों सीटों पर कब्जा रखने का हरसंभव प्रयास करेगी जबकि कांग्रेस अपनी सीटों के संख्या एक से बढ़ाकर दो तक करना चाहेगी क्योंकि पिछली बार की तुलना में इस बार विधानसभा में कांग्रेस के विधायक अधिक हैं। किसी प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए उस प्रदेश के विधायकों द्वारा मतदान किया जाता है।

15:41 (IST)04 Mar 2020
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग बर्दाश्त नहीं होगीः कांग्रेस नेता गोविंद सिंह

प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री गोविंद सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम अपने विधायकों को एक व्हिप जारी करने जा रहे हैं यदि हमारे किसी भी विधायक ने इसका उल्लंधन किया तो उसकी सदस्यता एक घंटे में समाप्त कर दी जाएगी।’’ उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भोपाल सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर से चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह एक दफा फिर से राज्यसभा में जाना चाहेंगे। वहीं कांग्रेस, पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को राज्यसभा चुनाव में मध्यप्रदेश से चुनाव मैदान में उतार सकती है।

15:31 (IST)04 Mar 2020
राज्यसभा चुनाव के लिए मप्र में कांग्रेस जारी करने जा रही है अपने विधायकों के लिए व्हिप

मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस के विधायकों को भारी धनराशि का प्रलोभन देने तथा भाजपा नेताओं द्वारा छह विधायकों को हरियाणा के गुरुग्राम के एक होटल में जबरन रखे जाने के आरोप के बाद प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 26 मार्च को होने वाले चुनावों के लिए कांग्रेस अपने 114 विधायकों के लिए व्हिप जारी करने जा रही है।

कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा ने साफ किया है कि मध्यप्रदेश में कमजोर बहुमत पर खड़ी मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा कोई प्रयास नहीं कर रही है बल्कि प्रदेश कांग्रेस अपने ही अंतर कलह से ग्रसित है। 

मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं जिनमें से दो सीट रिक्त है । सदन में बहुमत के लिए 115 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है। विधानसभा में कांग्रेस के 114 विधायक हैं तथा कांग्रेस सरकार चार निर्दलीय, दो बसपा और एक सपा विधायक के समर्थन के साथ कमजोर बहुमत पर टिकी है।

14:01 (IST)04 Mar 2020
मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के इशारे पर मध्य प्रदेश में पैदा की जा रही अस्थिरता

गोहिल ने आरोप लगाया, ‘‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के इशारे पर हो रहा है। जनमत के खिलाफ जाने और दूसरी पार्टियों को तोड़ने की साजिश हो रही है।’’ उन्होंने कहा कि यह साजिश सफल नहीं होगी। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, ‘‘मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसी हरकत करने वालों को उच्चतम न्यायालय फटकार लगाएगा।’’

13:15 (IST)04 Mar 2020
कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने की भाजपा की कोशिश नहीं होगी सफल- कांग्रेस

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बुधवार को दावा किया कि भाजपा काले धन के जरिए कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन वह सफल नहीं होगी। पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने यह आरोप भी लगाया कि यह सब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘काले धन का इस्तेमाल करके चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास हो रहा है। पहले कर्नाटक में यही किया गया और कई दूसरे राज्यों में भी यही किया गया।’’

गोहिल ने आरोप लगाया, ‘‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी के इशारे पर हो रहा है। जनमत के खिलाफ जाने और दूसरी पार्टियों को तोड़ने की साजिश हो रही है।’’ उन्होंने कहा कि यह साजिश सफल नहीं होगी। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा, ‘‘मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसी हरकत करने वालों को उच्चतम न्यायालय फटकार लगाएगा।’’

12:36 (IST)04 Mar 2020
दिग्विजय सिंह ने लगाया था आरोप

दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने के लिए भाजपा पर कांग्रेस के विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग (खरीद-फरोख्त) के आरोप लगाते हुए दावा किया था कि भाजपा के एक पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह बसपा की विधायक रामबाई को चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली ले गए हैं। भाजपा ने दिग्विजय के इस दावे को खारिज करते कहा कि राज्यसभा के 26 मार्च को होने वाले चुनाव में अपना नामांकन सुनिश्चित करने के लिये वह इस तरह के बयान दे रहे हैं।

12:06 (IST)04 Mar 2020
आरोप- भाजपा नेता मप्र के आठ विधायकों को जबरन हरियाणा ले गए

मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने के लिए भाजपा के कुछ नेता आठ विधायकों को जबरन हरियाणा के एक होटल में ले गए हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने फोन पर ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भूपेन्द्र सिंह और रामपाल सिंह सहित अन्य भाजपा नेता साजिश के तहत आठ विधायकों को हरियाणा के एक होटल में जबरन ले गए। विधायकों ने हमें बताया कि भाजपा नेताओं द्वारा उन्हें जबरन वहां ले जाया गया।’’ पटवारी ने कहा कि हम उन्हें वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं। उनमें से चार विधायक वापस भी आ गए हैं, लेकिन आदिवासी विधायक बिसाहूलाल सिंह को जबरन उठा लिया गया है।

12:05 (IST)04 Mar 2020
दिग्विजय सिंह का आरोप- 25 से 35 करोड़ का ऑफर दे रही बीजेपी, कमलनाथ ने बताया सही

कांग्रेस ने भाजपा पर मध्य प्रदेश के विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस विधायकों को 25 करोड़ से 35 करोड़ रुपये के बीच की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा है कि 5 करोड़ रुपये अभी और शेष राशि राज्यसभा चुनाव के बाद और सरकार गिराने के लिए अविश्वास प्रस्ताव के बाद किस्तों में देने की बात कही गई है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूं कि मध्य प्रदेश कर्नाटक नहीं है। यहां का कोई कांग्रेस विधायक बिकाऊ नहीं है।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। 

11:48 (IST)04 Mar 2020
8 नहीं, कांग्रेसी सहित कुल 12 विधायक गायब!

मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिये 26 मार्च को होने वाले चुनाव से कुछ दिन राज्य में हार्स ट्रेडिंग की आशंकाएं बढ़ने लगी है। पहले ऐसी खबर आ रही थी कि कांग्रेस के कुल चार और चार निर्दलीय विधायक हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक होटल में ठहरे हुए हैं। हालांकि अब सूत्रों के हवाले से यह खबर है कि कांग्रेस के आठ विधायक गायब बताए जा रहे हैं। यानि कुल 12 विधायक अब कांग्रेस की चिंता बढ़ा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। 

11:24 (IST)04 Mar 2020
सरकार गिराने का आरोप

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि खरीद-फरोख्त के जरिए भाजपा मध्य प्रदेश में कमलनाथ की सरकार को गिराना चाहती है। मौजूदा हालात बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश की स्थिति कर्नाटक जैसी हो रही है, जहां दूसरे दलों से आए नेताओं की वजह से भाजपा ने कांग्रेस-जेडीएस की सरकार गिरा दी थी और राज्य में भगवा पार्टी की सरकार बनी।

11:09 (IST)04 Mar 2020
कांग्रेस ने बुलाई आपात बैठक

कांग्रेस ने दिल्ली हिंसा, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के कार्यालय पर तोड़फोड़ और मध्य प्रदेश में राजनीतिक स्थिति को लेकर पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सभी लोकसभा सांसदों की एक तत्काल बैठक बुलाई है। दरअसल, मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा उसके विधायकों को प्रलोभन दे रही है और गुरुग्राम के एक होटल में बंधक बनाए हुए है।