Congress Bank Accounts Frozen: कांग्रेस पार्टी को आयकर विभाग ने बड़ी राहत दी है। IT ट्रिब्यूनल ने पार्टी के फ्रीज किए गए खातों को दोबारा से चालू कर दिया है। पार्टी के नेता विवेक तन्खा ने कहा कि कांग्रेस के खातों पर से बुधवार तक के लिए रोक हटा दी गई है। उन्होंने कहा कि मैंने अभी दिल्ली में आईटी ब्रांच के सामने पार्टी का पक्ष रखा था कि हमारे सभी खातों को फ्रिज कर दिया गया है।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हमें कल जानकारी मिली कि यूथ कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के भी खाते सीज कर दिए गए हैं। इनकम टैक्स ने यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी से 210 करोड़ रुपये की रिकवरी मांगी है। चुनाव से ठीक 2 हफ्ते पहले जब विपक्ष के खाते फ्रीज कर दिए जाते हैं, तो यह लोकतंत्र को फ्रीज करने के बराबर है।
कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि हमारे देश में लॉकडाउन कर दिया गया है। लोकतंत्र पर भी कब्जा हो गया है। अब जब लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होना है तो बीजेपी के नेतृत्व वाली मोदी सरकार ऐसा कदम उठाकर क्या साबित करना चाहती है? देश की प्रमुख पार्टियों के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। आयकर विभाग ने 210 करोड़ रुपये की वसूली की मांग की है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी प्रभावित: अजय माकन
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि 2018 के आयकर रिटर्न के आधार पर करोड़ों रुपये की मांग की जा रही है। ये बहुत शर्मनाक है। लोकतंत्र की हत्या हो रही है। लोकसभा चुनाव से पहले हमारे खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के सदस्यता अभियान के माध्यम से युवा कांग्रेस द्वारा इकट्ठा किए गए पैसों को भी जब्त कर लिया गया है। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आगे कहा कि अभी हमारे पास खर्च करने के लिए, बिजली का बिल भरने के लिए, अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। इसकी वजह से सभी तरह की राजनीतिक गतिवधियों पर असर पड़ गया है। खाते फ्रिज होने की वजह से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी प्रभावित होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार को किया टारगेट
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सत्ता के नशे में चूर मोदी सरकार ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खाते फ्रीज कर दिए हैं। यह भारत के लोकतंत्र पर गहरा हमला है।
भाजपा द्वारा एकत्र किया गया असंवैधानिक धन का उपयोग वे चुनाव में करेंगे, लेकिन हमारे द्वारा क्राउडफंडिंग के माध्यम से एकत्र किया गया धन सील कर दिया जाएगा। इसीलिए मैंने कहा है कि भविष्य में कोई चुनाव नहीं होंगे। हम न्यायपालिका से इस देश में बहुदलीय प्रणाली को बचाने और भारत के लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील करते हैं। हम सड़कों पर उतरेंगे और इस निरंकुशता के खिलाफ मजबूती से लड़ेंगे।