कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहलवानों से मिलने के लिए हरियाणा के पहलवान दीपक पूनिया के गांव पहुंच गए। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी झज्जर के छारा गांव में वीरेंद्र आर्य अखाड़े पहुंचे। जहां उन्होंने बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों से बातचीत की। दीपक और बजरंग पूनिया ने इसी वीरेंद्र अखाड़े से अपनी कुश्ती की शुरुआत की थी।
राहुल ने पहलवानों के अखाड़े में पहुंचकर उनकी कसरतों और उनके करियर में हो रही समस्याओं के बारे में जाना। पहलवान बजरंग पूनिया ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया, “राहुल गांधी यहां पहलवानों का रूटीन देखने के लिए आए था कि उनका जीवन कैसा होता है। इस दौरान उन्होंने एक्सरसाइज भी की।”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के छारा गांव में अखाड़े के दौरे पर कुश्ती कोच वीरेंद्र आर्य ने कहा, “हमें किसी ने नहीं बताया कि वह आ रहे हैं। हम यहां अभ्यास कर रहे थे और वह अचानक आ गए। वह लगभग सुबह 6 बजे यहां पहुंचे। उन्होंने हमारे साथ एक्सरसाइज की और फिर उन्होंने हमें अपने व्यायाम और खेल के बारे में बताया। उन्हें खेल के बारे में बहुत ज्ञान है।” कोच ने आगे कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं होंगी लेकिन इस मुद्दे पर क्या किया जाएगा? राहुल गांधी क्या कर सकते हैं, केवल सरकार ही कुछ कर सकती है।
बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक से मिली थीं प्रियंका गांधी
इससे पहले बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर जारी विवाद के बीच प्रियंका गांधी ने भी पहलवानों से मुलाकात की थी। सिंह के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुख्य चेहरा रहे पहलवान बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक से प्रियंका गांधी ने मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी ने कहा था कि मैं एक महिला होने के नाते आईं हूं।
राहुल गांधी ने ऐसे समय पर पहलवानों से मुलाकात की है, जब भारतीय कुश्ती संघ (WFI) को लेकर विवाद चल रहा है। केंद्रीय खेल मंत्रालय ने हाल ही में WFI की नई संस्था को रद्द कर दिया और नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया। संजय सिंह को बीजेपी सांसद और WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का करीबी माना जाता है। बृजभूषण सिंह पर महिला पहलवानों के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है जिसके विरोध में पहलवान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं।