कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को केरल में चुनावी दौरे पर थे। केरल में चुनाव प्रचार के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने कांग्रेस नेता का गाल चूम लिया। कांग्रेस नेता ने गाल चूमते हुए बुजुर्ग महिला का यह वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब केरल में चुनावी जनसभा को संबोधित कर अपनी गाड़ी से दूसरे कार्यक्रम स्थल की तरफ जा रहे थे तभी दो बुजुर्ग महिला उनके पास आई और उनसे बात करने लगी। बातचीत के दौरान ही एक बुजुर्ग महिला ने उनको चूम लिया। राहुल गांधी ने भी सहजता से उनको गले लगा लिया। राहुल गांधी ने बुजुर्ग महिला के साथ बातचीत का यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है।
राहुल गांधी दो दिन के चुनावी दौरे पर केरल में हैं। सोमवार को केरल के कोच्चि पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सेंट टेरीजा कॉलेज में विद्यार्थियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद विद्यार्थियों को मार्शल आर्ट के कुछ टिप्स भी सिखाए। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि कैसे कोई भी शख्स अपने ताकत का इस्तेमाल कर दूसरों को पछाड़ सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह पता नहीं चलता है कि उनकी शक्ति कैसे काम करती है और कहाँ से आती है। लेकिन यही महिला सशक्तिकरण का मुख्य बिंदु है।
चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि केरल में यूडीएफ ही अगली सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो न्याय योजना को लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कल्याणकारी पेंशन को भी 3,000 तक बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने रबर, धान और नारियल के लिए MSP को भी बढ़ाने का वादा किया है। यूडीएफ कांग्रेस सहित अन्य कई पार्टियों का गठबंधन है।
बता दें कि केरल विधानसभा की 140 सीट के लिए एक ही दिन में वोटिंग होगी। केरल में मतदान 6 अप्रैल को कराए जाएंगे और मतगणना 2 मई को होगी।