कांग्रेस में सबकुछ सामान्य होकर भी सामान्य होता नजर नहीं आ रहा है। काफी समय  तक अध्यक्ष पाद खाली रहने के बाद सोनिया गांधी को पार्टी का अध्यक्ष  बनाया गया जिसके बाद लगा कि पार्टी  में धीरे-धीरे चीजें ठीक हो रही है लेकिन एक नई बात सामने आई है। दरअसल , कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर खुद को दिल्ली प्रदेश के प्रभारी के पद से मुक्त किए जाने की मांग की है।

पीसी चाको बीते साढ़े चार साल से दिल्ली में कांग्रेस के प्रभारी की कमान संभाल रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो  दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन के बाद से दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष पद खाली है। शीला दीक्षित के निधन के बाद से दिल्ली में कांग्रेस को एक बड़े चेहरे की तलाश है। बीते मंगलवार को दिल्ली के सभी जिलाध्यक्षों ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति की मांग की थी। खुद पीसी चाको को दिल्ली के नेताओं का फीडबैक लेने की जिम्मेदारी मिली थी।

चाको ने यह भी कहा था कि कांग्रेस के बड़े और जानकार नेताओं से राय मशविरा के बाद ही वह सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौपेंगे लेकिन ऐसे में अब पद छोड़ने की बात करना कांग्रेस को नई मुसीबत में डालता नजर आ रहा है।