देश में बढ़ती तेल और गैस की कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर विपक्ष पूरी तरह से आक्रमक दिख रहा है। विपक्ष के नेता अब केंद्रीय मंत्री को घेरते दिख रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें कांग्रेस की महिला विंग की कार्यकारी अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने एक विमान में ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को घेर लिया और सवाल दागने लगीं।
इस मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गुवाहाटी की एक फ्लाइट में स्मृति ईरानी और नेटा डिसूजा का आमना-सामना हो गया। बस फिर क्या था, कांग्रेस नेत्री ने ईरानी से सवाल पूछना शुरू कर दिया और इसका वीडियो भी बनाने लगीं। ऐसा नहीं था कि सिर्फ कांग्रेस नेत्री ही वीडियो बना रही थीं, स्मृति ईरानी भी इस घटना का काउंटर वीडियो बना रही थीं।
इस वीडियो में ईरानी को कहते हुए सुना जा सकता है कि लोगों को फ्री में अनाज दिया जा रहा है, वैक्सीन लग रही है। इसी बीच किसी ने उन्हें बीहू भी विश किया, जिसके बाद कांग्रेस नेता ने कहा कि कैसा बीहू, बिना गैस और स्टोव के। इस पर ईरानी ने कहा कि वो गलत बोल रही हैं।
दोनों के बीच इस पर बहस विमान से उतरने के बीच भी जारी रही। कांग्रेस नेता कीमतों और महंगाई को लेकर सवाल पूछती रहीं और ईरानी सरकारी योजनाएं के बारे में बतातीं रहीं।
इस वीडियो को ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा- “गुवाहाटी की फ्लाइट में स्मृति जी से सामना हुआ। रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों पर सुनिए उनके जवाब। महंगाई का ठीकरा, वे किन-किन चीजों पर फोड़ रहीं हैं। जनता पूछे सवाल, स्मृति जी दें टाल। वीडियो के अंशों में जरूर देखिये, मोदी सरकार की सच्चाई”।
बता दें कि तेल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर स्मृति ईरानी कांग्रेस के निशाने पर हैं। दरअसल यूपीए सरकार के दौरान ईरानी महंगाई और तेल की कीमतों को लेकर खूब प्रदर्शन करतीं थीं। इसी को लेकर कांग्रेस नेता उनपर निशाना साधते दिख रहे हैं कि तब तो ईरानी खूब बोलतीं थीं, अब क्यों चुप हैं?