हरियाणा में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की रैली अंतिम समय में रद्द हो गई है। सोनिया गांधी ने आखिरी क्षणों में रैली में शामिल नहीं होने का फैसला लिया। रैली में सोनिया की जगह अब पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी हिस्सा लेंगे। सोनिया गांधी में शुक्रवार को महेंद्रगढ़ में आयोजित रैली में लोगों को संबोधित करने का कार्यक्रम था।
सूत्रों का कहना है कि सोनिया ने अपनी खराब तबीयत के कारण रैली में शामिल होने का फैसला किया। हालांकि, पार्टी की तरफ से इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। अंतरिम अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी की यह पहली रैली होने वाली थी।
इससे पहले रैली की घोषणा करते हुए कांग्रेस ने सोमवार को योजना में बदलाव का एक ट्वीट किया था। हालांकि, कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। कांग्रेस ने अपने डिलीट किए गए ट्वीट में लिखा था कि सोनिया गांधी अपरिहार्य कारणों से महेंद्रगढ़ की रैली में शामिल होने में सक्षम नहीं है। राहुल गांधी महेंद्रगढ़ में दोपहर 2 बजे रैली को संबोधित करेंगे। 73 वर्षीय सोनिया गांधी को महेंद्रगढ़ रैली में कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह के लिए प्रचार करने आना था। यहां राव दान सिंह का मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार और मंत्री राम बिलास शर्मा से है।
मालूम हो कि पिछले कई सालों से सोनिया गांधी सार्वजनिक रैलियों में बहुत कम ही दिखाई देती हैं। उन्होंने आखिरी बार 12 जून को रायबरेली में वोटरों को धन्यवाद देने के लिए रैली में भाषण दिया था। वहीं उन्होंने पार्टी के लिए आखिरी बार तेलंगाना में चुनाव प्रचार किया था। मालूम हो कि हरियाणा और महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को मतदान होना है। इन राज्यों का चुनाव परिणाम 24 अक्टूबर को आएगा।
इससे पहले लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी ने पार्टी का अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। इसके बाद कई दिनों की मशक्कत के बाद सोनिया गांधी को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष चुना गया था। इससे पहले महेंद्रगढ़ में पार्टी की रैली में पार्टी महासचिव व प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा समेत की नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है।