लोक सभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। बुधवार को कांग्रेस और सपा के बीच अहम बैठक हुई। इस बैठक में सपा नेता राम गोपाल यादव और जावेद अली पहुंचे। वहीं कांग्रेस की ओर से यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। जानकारी के अनुसार उन्हें 20 से 28 सीटों की सूची सौंप दी गई है।
कांग्रेस ने यह सूची साल 2009 के लोकसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर बनाया है। वर्ष 2009 के लोक सभा चुनाव में कांग्रेस ने यूपी से 21 सीटें जीती थीं। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने 2009 की 21 सीटों के अलावा उन लोकसभा क्षेत्रों पर भी अपना दावा जताया है जो राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के रूट में पड़ रही है।
सूत्रों की माने तो कांग्रेस ने लखनऊ सीट की भी मांग की है। हालांकि अभी बातचीत अंतिम स्टेज में नहीं पहुंची है। दावा है कि कांग्रेस ने सपा के मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बरेली, खीरी, धैरहरा, उन्नाव, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अकबरपुर, झांसी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, डुमरिया , महराजगंज और कुशीनगर सीट साल 2009 में इन सभी सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।
क्या है कांग्रेस की योजना ?
इसके अलावा कांग्रेस उन सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है जो सीटें राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कवर होंगी। इसमें वाराणसी, इलाहाबाद, आगरा, मथुरा, मेरठ, अलीगढ़ और शाहजहांपुर सम्मिलित हैं।
कांग्रेस ने मुस्लिम बाहुल्य सीटों, दलित वोट बैंक वाले लोकसभा क्षेत्रों पर अपना फोकस बनाया है। पार्टी की कोशिश है कि वह इन सीटों पर सपा के सामंजस्य के साथ चुनावी मैदान में उतरे। अंगेजी अखबार इकॉनमिक्स टाइम्स के अनुसार बृहस्पतिवार को यानी आज दोनों दलों के बीच एक बैठक हो सकती है।