Karnataka Politics: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार डॉ. बीआर अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री यहां अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर ‘Preamble Reading’ प्रोग्राम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार डॉ. बीआर अंबेडकर के बताए रास्ते पर काम कर रही है। हमारी पांच गारंटी कर्नाटक के लोगों के लिए हैं। हमने अब तक चार गारंटी पूरी की हैं। बता दें, कांग्रेस सरकार ने कर्नाटक के लोगों के लिए पांच मुख्य गारंटी शुरू करने का वादा किया था।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, ‘दुनिया के सभी देशों ने लोकतंत्र को स्वीकार कर लिया है। गौतम बुद्ध के समय में भी लोकतंत्र था। संविधान लागू होने से पहले भी भारत में लोकतंत्र था। संविधान के बाद लोकतंत्र मजबूत हुआ। डॉ. बीआर अंबेडकर ने संविधान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को संविधान के बारे में जानने की जरूरत है।’

उन्होंने कहा कि हम इस समाज में सामाजिक न्याय तभी कायम रख सकते हैं जब हम संविधान को जानेंगे। कर्नाटक सरकार ने सभी स्कूलों और कॉलेजों में प्रार्थना के दौरान संविधान की प्रस्तावना पढ़ना अनिवार्य कर दिया है।

बीजेपी समझौते की राजनीति कर रही: डीके शिवकुमार

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने जनता दल-सेक्युलर के साथ संभावित गठबंधन को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी “समझौते की राजनीति” का सहारा ले रही है। भाजपा के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने यह टिप्पणी की।

पूर्व पार्षद एल श्रीनिवास, अंजनप्पा, एच सुरेश, वेंकट स्वामी नायडू, नारायण, रामू, बालन्ना, कबाड़ी बाबू और एम नागराज शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होने वालों को पूर्व मंत्री आर अशोक का करीबी माना जाता है।

शिवकुमार ने कहा, “मैं विधानसभा चुनाव में अपनी संख्या को लेकर बहुत आश्वस्त था, अब मैं कह रहा हूं कि हम लोकसभा और बीबीएमपी चुनाव में कई और सीटें जीतेंगे।” भाजपा और जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के संभावित गठबंधन के बारे में बात करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य में भाजपा की हालत खराब है और वह उन लोगों से हाथ मिला रही है, जिन्होंने उन्हें धोखा दिया है।