दिल्ली के लुटियंस जोन में स्थित अपना सरकारी बंगला खाली करने की एक अगस्त की समय सीमा से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा नेता अनिल बलूनी को चाय पर आमंत्रित किया है।
दरअसल, प्रियंका गांधी का यह बंगला बलूनी को ही आवंटित हुआ है। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। समझा जाता है कि भाजपा के राज्यसभा सदस्य को रविवार को आमंत्रण भेज कर उनकी सहूलियत जानने और इसकी पुष्टि करने की कोशिश की गई है।इस बाबत बलूनी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन कॉल का जवाब नहीं दिया।
प्रियंका गांधी 35, लोधी एस्टेट स्थित आवास खाली करने की प्रक्रिया में हैं। शहरी विकास मंत्रालय ने एक जुलाई को उन्हें नोटिस जारी कर उनसे एक अगस्त तक बंगला खाली करने को कहा था क्योंकि पिछले साल उनका सुरक्षा कवर घटाने के बाद वह इसके लिये योग्य नहीं रह गई हैं।
समझा जाता है कि उन्होंने दिल्ली में एक मकान देख रहा है और वह वहां जल्द ही रहने के लिये चली जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने गुड़गांव सेक्टर 42 की एक रिहायशी सोसाइटी स्थित एक मकान में अपना कुछ सामान भेजा है, लेकिन वह वहां नहीं रहेंगी। उन्होंने बताया कि गुड़गांव के मकान का इस्तेमाल उनके बच्चे कभी-कभी किया करते हैं और वह मध्य दिल्ली में ही रहेंगी।
इससे पहले खबर आई थी कि प्रियंका गांधी को राजधानी में ही सुजान सिंह पार्क स्थित एक घर काफी पसंद आया है। इस घर में रिपेयरिंग का काम भी जारी है। इस रिपेयरिंग वर्क में एक-दो महीने लगेंगे। रिपेयरिंग का काम पूरा होने तक प्रियंका गुरुग्राम स्थित घर में ही रहेंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रियंका के घर का सभी सामान अभी गुरुग्राम शिफ्ट कर दिया गया है और घर का सिक्योरिटी चेक भी पूरा हो चुका है। सीआरपीएफ ने प्रियंका के शिफ्ट होने की खबर मिलने के बाद ही घर में सुरक्षा पहरा बिठा दिया। बता दें कि प्रियंका को Z+ सुरक्षा मिली है। अब वे आधिकारिक मीटिंग के लिए अपनी मां और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का बंगला इस्तेमाल करेंगी।