कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी के तहत पार्टी ‘दिल्ली न्याय यात्रा’ निकाल रही है। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है। यह राहुल गांधी के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से प्रेरित है। ‘दिल्ली न्याय यात्रा’ अगले हफ्ते से शुरू होने वाली है। 8 नवंबर से यह यात्रा शुरू हो सकती है।

कांग्रेस के बड़े नेता होंगे शामिल

सूत्रों ने कहा कि पार्टी एआईसीसी नेताओं जैसे सचिन पायलट, अशोक गहलोत और हरीश रावत सहित अन्य बड़े नेताओं को इसमें शामिल करने की प्रक्रिया में है। इस पहल का दोहरा उद्देश्य एक संयुक्त मोर्चा पेश करना और साथ ही इसके माध्यम से अधिक आबादी तक पहुंच सुनिश्चित करना है। एक वरिष्ठ नेता ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “कार्यक्रम की संकल्पना करने वाले दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव इसी हफ्ते में कार्यक्रम की व्यवस्था और वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “यात्रा की अब तक की योजना इसे राजघाट से चांदनी चौक लोकसभा में एक विशेष विधानसभा जैसे बल्लीमारान या चांदनी चौक तक ले जाने की है। हमें उम्मीद है कि राहुल जी सातों लोकसभा क्षेत्रों में यात्रा के चारों चरणों में से प्रत्येक में भाग लेंगे।”

यूपी उपचुनाव में अपने ही कार्यकर्ताओं को नाराज कर बैठी कांग्रेस, पार्टी नेता बोले- इससे हमारा मनोबल टूटा

इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की हर समुदाय तक पहुंच बनाने की योजना है। इसके अलावा चार केंद्र बनाए जाएंगे, जहां नेताओं को रात में ठहराया जाएगा। वहीं दिल्ली के विशिष्ट नागरिकों को भी इस यात्रा में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं 10-10 विधानसभा सीटों का एक क्षेत्र बनाया गया है।

दो चरणों में होगी न्याय यात्रा

वहीं कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा, “दो चरणों में 16 विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। एक चरण में 18 और अंतिम चरण में 20 निर्वाचन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष और कोर व्यक्तियों के बीच रात भर की बातचीत के लिए चार केंद्रों की पहचान की गई है।”

बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। हालांकि विधानसभा चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरने की योजना बना रहे हैं।