फेसबुक से डाटा चोरी के बाद एप्स द्वारा स्टोर किए जा रहे कंटेंट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारत में मुख्य राजनैतिक पार्टियां इस लड़ाई में कूद चुकी हैं। क दिन पहले जहां कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एप द्वारा लोगों की निजी जानकारी अमेरिकी कंपनी को भेजे जाने का आरोप लगाया था। वहीं अब मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से भाजपा ने कांग्रस पर यूजर्स का डाटा सिंगापुर स्थित फर्म को भेजने का आरोप मढ़ा है। भाजपा का यह आरोप कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र करने के एक दिन बाद आया।
इस ट्वीट के जरिए राहुल ने उस रिपोर्ट का हवाला दिया था जिसमें एक फ्रांसीसी हैकर ने सिलसिलेवार ट्वीट्स के जरिए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी के नमो ऐप के उपभोक्ताओं के ईमेल आईडी, फोटो, लिंग व नाम सहित निजी जानकारियां बिना उनकी इजाजत के तीसरी पार्टी के साथ साझा की जा रही हैं। रिपोर्ट्स सामने आने के बाद कांग्रेस ने गूगल प्ले स्टोर से अपनी आधिकारिक एप हटा ली है।
इस पूरे मामले में भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी का कहना है कि आईटी सेल को इस पर जवाब देना चाहिए। स्वामी के मुताबिक, भाजपा का आईटी सेल कमजोर हो चुका है। उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री को इसकी (आईटी सेल) कमाल अपने हाथों में लेकर आधारहीन आरोपों का सबूत के साथ जवाब देना चाहिए। भाजपा की आईटी सेल सिर्फ प्रत्यारोप लगा रही हैं, उससे क्या होगा?”
भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस की वेबसाइट की गोपनीयता नीति का स्क्रीनशॉट संलग्न करते हुए ट्वीट किया, “हाय! मेरा नाम राहुल गांधी है। मैं भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी का अध्यक्ष हूं। जब आप हमारे आधिकारिक ऐप के लिए साइन अप करते हैं तो मैं आपका सभी डाटा सिंगापुर के अपने दोस्तों को दे देता हूं।” मालवीय भाजपा के राष्ट्रीय सूचना व प्रौद्योगिकी शाखा के प्रभारी हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को स्पष्ट तौर पर यह बताने के लिए पूरे अंक मिलते हैं कि वे आपका डाटा किसी को भी दे देंगे। इसमें अज्ञात वेंडर, अज्ञात स्वंयसेवकों व इसी तरह के दूसरे समूह शामिल हैं।”
भाजपा ने कांग्रेस पर 2019 के चुनाव अभियान के लिए राजनीतिक डाटा विश्लेषक कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका की मदद लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाया था। लंदन की कंपनी कैंब्रिज एनालिटिका 5 करोड़ फेसबुक उपभोक्ताओं का डाटा अनुचित तरीके से इस्तेमाल करने को लेकर विवादों में है।

