पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कांग्रेस पर हल्ला बोलते हुए कहा कि उन्हें एक साजिश के तहत जेल भिजवाकर कांग्रेस ने इनेलो को खत्म करने का षडयंत्र रचा था, लेकिन इस दौरान पार्टी और मजबूती से उभरी। उन्होंने कहा कि इनेलो के बढ़ते जनाधार के चलते कई दलबदलू इनेलो में आने के लिए छटपटा रहे हैं, परंतु ऐसे गद्दारों एवं धोखेबाजों को पार्टी में नहीं लिया जाएगा। पार्टी में कर्मठ, मेहनती व ईमानदार कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।

चौटाला सोमवार को बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। चौटाला ने जोर देते हुए कहा कि वह अगर वह दो दिन और रुक जाते तो प्रदेश में उनकी सरकार बन जाती, लेकिन उन्होंने अदालत की अवमानना नहीं की बल्कि न्यायपालिका में भरोसा जताते हुए उसका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में सरकारें बदलती हैं, लेकिन सिस्टम नहीं बदलता है।

ताऊ देवीलाल द्वारा बुजुर्गां के सम्मान के लिए शुरू की गई पेंशन योजना आज भी प्रदेश में चल रही है। सरकारें केवल इनमें संशोधन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में वह उनके बीच होंगे और प्रदेश में फिर से इनेलो की लहर चलेगी और पार्टी पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी। गौरतलब है कि जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओमप्रकाश चौटाला को दस वर्ष की कैद हो चुकी है और इन दिनों वह पैरोल पर बाहर हैं।