कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा की गुरुग्राम सीट से राज बब्बर को प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी ने इस लिस्ट में हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा लोकसभा सीट से आनंद शर्मा के नाम का ऐलान किया है।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे आनंद शर्मा लंबे समय तक राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। उनका उच्च सदन का कार्यकाल अप्रैल, 2022 में पूरा हुआ था, हालांकि इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा। इन दो दिग्गजों के अलावा कांग्रेस पार्टी की इस लिस्ट में हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर लोकसभा सीट पर सतपाल रायजादा और महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ सीट पर भूषण पाटिल के नाम का ऐलान किया गया है।
किस – किस से होगा कांग्रेस के इन उम्मीदवारों का मुकाबला
गुरुग्राम लोकसभा सीट पर राज बब्बर बीजेपी के राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम सीट से लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। हिमाचल की हमीरपुर लोकसभा सीट पर सतपाल रायजादा का मुकाबला मोदी सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर से होगा।
कांगड़ा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार आनंदर शर्मा का मुकाबला बीजेपी के डॉ. राजीव भारद्वाज से होगा। मुंबई नॉर्थ से कांग्रेस के प्रत्याशी भूषण पाटिल सियासी रण में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से दो-दो हाथ करेंगे।
यूपी से हरियाणा शिफ्ट हुए राज बब्बर
दिल्ली से सटे गुड़गांव से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए राज बब्बर अभी तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे थे। यह पहली बार है कि राज बब्बर हरियाणा की किसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। कहा जा रहा है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पैरवी पर उन्हें गुड़गांव से टिकट दिया गया है। राज बब्बर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वह आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, गाजियाबाद और लखनऊ लोकसभा सीटों से चुनाव भी लड़ चुके हैं।