पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह के प्रशांत किशोर के पार्टी संगठन में दखल न देने के बयान के बाद कांग्रेस हाई कमान ने भी सोमवार को साफ कर दिया कि किशोर की संगठन और टिकट बंटवारे में कोई भूमिका नहीं है। कांग्रेस का यह कदम किशोर के पार्टी से निकाले गए पंजाब के दो नेताओं से मिलने की खबरों के बाद आया है। इस मुलाकात के बाद से अमरिंदर नाराज थे।
कांग्रेस महासचिव और पंजाब इंचार्ज शकील अहमद ने कहा, ”प्रशांत किशोर अच्छे रणनीतिकार हैं। वे कैप्टन अमरिंदर सिंह को चुनाव घोषणा पत्र बनाने और कमजोर क्षेत्रों में सुधार के लिए सुझाव देंगे। उनकी संगठन में कोई भूमिका नहीं है और टिकट बंटवारे में भी उनका कोई रोल नहीं होगा। कैप्टन और किशोर दोनों साथ हैं।” उन्होंने कहा, ”पंजाब में पार्टी को कैप्टन अमरिंदर सिंह चलाते हैं। वे पंजाब कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हैं। मैं महासचिव इंचार्ज हूं, हरीश चौधरी सचिव हैं। अंबिका सोनी प्रचार कमिटी की चेयरपर्सन हैं, चरणजीत सिंह चन्नी हमारे सीएलपी नेता हैं और लाल सिंह मुख्य उपाध्यक्ष हैं। पार्टी का रोजाना का काम यही टीम देखती है।”
शकील अहमद ने प्रशांत किशोर के निष्कासित कांग्रेस नेता जगमीत बरार और बीर देविंदर से मुलाकात पर कहा कि उन्हें इस बारे में नहीं पता। इन नेताओं की वापसी के बारे में अहमद ने कहा कि इस समय तो ऐसी कोई संभावना नहीं है। इसी बीच बताया जा रहा है कि मामले को शांत करने के लिए रविवार को प्रशांत किशोर ने अमरिंदर सिंह से मुलाकात की। इस बारे में शकील अहमद का कहना था कि उन्हें इस बारे में नहीं पता।
Read Also: UP: कांग्रेस को नया जीवन देने लाए गए प्रशांत किशोर को तीन जिलों से दूर रहने का आदेश