Congress flag falls off on party’s 137th Foundation Day: कांग्रेस मंगलवार को अपना 137वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान जब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी का झंडा फहराने गईं तो वो फिसलकर उन्हीं के हाथों में गिर गया। इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में दिख रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जैसे ही झंडे को फहराने के लिए रस्सी खींचती हैं, झंडा ऊपर से फिसलकर उनके ही हाथ में गिर जाता है। जिसके बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत स्थिति को संभाला और सोनिया गांधी के हाथ से झंडा लेकर उसे ठीक करने लगे।
कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। पार्टी मुख्यालय में मौजूद लोगों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल थे। हर साल की भांति कांग्रेस इस साल भी इस कार्यक्रम का धूमधाम से आयोजन कर रही थी।
तय परंपरा के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष को पार्टी का झंडा फहराना था और उसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत गाए जाने थे, लेकिन इस कार्यक्रम में थोड़ा व्यवधान तब आ गया, जब पार्टी का झंडा फहराने की कोशिश के दौरान झंडा ऊपर से गिर गया। इस दौरान कुछ पल के लिए सोनिया गांधी भी हड़बड़ा गईं। हालांकि बाद में कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभाली और कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- “हमारे महान नेताओं ने भारत की एक मजबूत बुनियाद रखी थी। जिसपर चलकर हमने एक सशक्त भारत बनाया। जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में भागीदारी नहीं की वे इसे नहीं समझ सकते हैं”।
सोनिया गांधी ने आगे कहा कि हमारी विरासत गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है। देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती। कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।