उत्तर भारत में सर्दी की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 28 से 30 दिसंबर तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान सहित आसपास के इलाकों में शीत लहर चलने की बहुत अधिक संभावना है। इन सभी राज्यों में 31 दिसंबर तक सुबह और शाम के समय घना कोहरा रहने की भी संभावना जताई गई है।
विभाग ने हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे को लेकर दो दिन के लिए नारंगी चेतावनी जारी की है। शनिवार सुबह हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा रहा, जबकि दिल्ली में अधिक प्रदूषण की वजह से धुंध छाई रही।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम छह बजे 390 दर्ज किया गया।
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को कड़ाके की ठंड जारी रही और कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। शहीद भगत सिंह नगर जिले का बल्लोवाल सौंखरी पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पड़ोसी राज्य हरियाणा में गुरुग्राम सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आसमान साफ होने के कारण कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे पूरी घाटी में रात का पारा शून्य से नीचे चला गया है। घाटी में नए साल के आसपास बारिश और बर्फबारी का एक और दौर शुरू होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। यह पिछली रात के 0.2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में लगभग तीन डिग्री कम है। राजस्थान में उदयपुर और कोटा संभाग में कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान करौली में 3.1 डिग्री सेल्सियस, पाली में 3.4 डिग्री, अंता में 4.5 डिग्री, दौसा में 4.7 डिग्री, अलवर में 5.2 डिग्री, नागौर में 5.3 डिग्री, लूणकरणसर में 5.8 डिग्री और सिरोही में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
