Citizenship Amendment Bill/Act (CAB/CAA) Protest Today Live News Updates: संशोधित नागरिकता कानून और जनसंख्या रजिस्टर के मुद्दे को लेकर जारी राजनीतिक लड़ाई शुक्रवार को और तेज हो गई। जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने जीते जी राज्य में सीएए लागू नहीं होने देने की घोषणा की, वहीं राहुल गांधी ने एनपीआर और एनआरसी को ‘‘गरीब जनता पर टैक्स’’ बताया।

वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को साल का सबसे झूठा व्यक्ति कहा।दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर यह अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है कि मुसलमान इस अधिनियम के चलते अपनी नागरिकता गंवा देंगे।

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ‘एनपीआर’ की आड़ में ‘एनआरसी’ पर काम कर रही है।माकपा नेता वृदा करात ने कहा कि केंद्र सरकार सीएए और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) का इस्तेमाल लोगों पर हमले के लिए ‘त्रिशूल’ के रूप में कर रही है।

पश्चिम बंगाल के नैहाटी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  कहा, “जब तक मैं जीवित हूं तब तक बंगाल में सीएए लागू नहीं होगा। कोई भी देश या राज्य छोड़कर नहीं जाएगा। बंगाल में कोई निरोध केंद्र नहीं बनेगा।” उन्होंने कहा, “छात्र काले कानून का विरोध क्यों नहीं कर सकते? केंद्र सरकार प्रदर्शकारी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और उन्हें विश्वविद्यालयों से निष्कासित कर रही है।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) और एनपीआर (राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर) को हिंदुस्तान की ‘‘गरीब जनता पर लगाया गया टैक्स’’ बताया। उन्होंने कहा कि इससे गरीब लोग उसी तरह से परेशान होंगे जैसे नवंबर 2016 में नोटबंदी से हुए थे।वह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ करने पहुंचे थे।

Live Blog

Highlights

    21:30 (IST)27 Dec 2019
    अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां विपक्षी कांग्रेस पर हमला बोला और आरोप लगाया कि वह संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है।
    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून में नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान नहीं है।शाह ने यहां राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक रिज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘कांग्रेस एंड कंपनी अफवाह फैला रही है कि मुसलमानों की नागरिकता जा सकती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल बाबा को चुनौती देता हूं कि मुझे बताएं कि क्या कानून में किसी की नागरिकता लेने से संबंधित कोई एक भी लाइन है।

    सीएए को लेकर गुमराह न करें, लोगों को न बांटें।’’ शाह ने कहा कि वह अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों से कहना चाहते हैं कि वे सीएए को पढ़ें जो अब सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध है।उन्होंने कहा, ‘‘कानून का अध्ययन करिए। किसी की नागरिकता नहीं जाएगी।’’ गृह मंत्री ने कहा कि सीएए पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के शिकार अल्पसंख्यकों को नागरिकता उपलब्ध कराएगा।

    20:20 (IST)27 Dec 2019
    ममता बनर्जी बोली जारी रहेगा संघर्ष
    19:30 (IST)27 Dec 2019
    नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को "झूठ की मशीन": वृंदा करात

    माकपा नेता वृंदा करात ने शुक्रवार को कहा कि केन्द्र सरकार संशोधित नागरिकता कानून, राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को लोगों पर हमले के लिए "त्रिशूल" के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।उन्होंने सरकार के उस दावे को भी खारिज किया कि संशोधित नागरिकता कानून का एनआरसी और एनपीआर से कोई लेना-देना नहीं है।
    करात ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में पीटीआई-भाषा से यह बात कही।विपक्षी पार्टियों का आरोप है कि एनपीआर देशव्यापी एनआरसी की दिशा में एक कदम है। करात ने कहा, "सरकार देश के लोगों के दिल पर चोट करने के लिए सीएए, एनआरसी और एनपीआर का इस्तेमाल त्रिशूल के रूप में कर रही है। सरकार संविधान का पालन नहीं कर रही। उसे देश में महिलाओं की हालत का अंदाजा नहीं है।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को "झूठ की मशीन" करार दिया।

    18:30 (IST)27 Dec 2019
    300 से ज्यादा प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

    नागरिकता संशोधित कानून को लेकर यूपी भवन के सामने प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने अबतक 300 लोगों को हिरासत में लिया है। 

    18:20 (IST)27 Dec 2019
    CAA Protest: भाजपा CAA को लेकर करेगी राष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस
    18:03 (IST)27 Dec 2019
    UP CAA Protest: हिंसा में मरने वालों की संख्या हुई 20

    नागरिकता संशोधित कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में उत्तर प्रदेश में मरने वालों की संख्या 20 हो गई है। खबरों के मुताबिक 2 घायलों को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया है।

    17:41 (IST)27 Dec 2019
    आंध्र प्रदेश में भी प्रदर्शन
    16:45 (IST)27 Dec 2019
    CAA Protest: यूपी भवन के पास प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

    यूपी भवन के पास प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। खबरों के मुताबिक पुलिस ने अबतक कम से कम 50 लोगों को हिरासत में लिया है। यहां लोग नागरिकता संशोधित कानून का विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

    16:42 (IST)27 Dec 2019
    महाराष्ट्र के आजाद मैदान में प्रदर्शन
    15:59 (IST)27 Dec 2019
    भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को रिहा करने की मांग

    दिल्ली के जोर बाग में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को रिहा करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

    15:25 (IST)27 Dec 2019
    दिल्ली में हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

    दिल्ली में उत्तर प्रदेश भवन के बाहर हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

    14:36 (IST)27 Dec 2019
    प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी से लोग नाराज

    प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी से लोग नाराज हैं और उसी के विरोध में जामा मस्जिद और जोरबाग इलाके में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

    14:31 (IST)27 Dec 2019
    दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई अलका लांबा

    CAA के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों में शामिल हुई अलका लांबा

    14:26 (IST)27 Dec 2019
    जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर विरोध प्रदर्शन जारी

    जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर इकट्ठा होकर लोग CAA के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ड्रोन कैमरों के जरिए स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं जोरबाग इलाके में भी विरोध प्रदर्शन की खबर है। 

    14:23 (IST)27 Dec 2019
    राजस्थान के सीएम बोले- देश को गुमराह कर रहे पीएम मोदी अमित शाह

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को अपने एक बयान में केन्द्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार असल समस्याओं से लोगों का ध्यान भटका रही है। गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह एनआरसी को लेकर अलग-अलग बयान दे रहे हैं और देश को गुमराह कर रहे हैं।

    14:22 (IST)27 Dec 2019
    राहुल गांधी ने सरकार पर बोला हमला

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि चाहे NRC हो या NPR, यह गरीबों पर हमला है। नोटबंदी भी गरीबों पर हमला था। राहुल गांधी ने कहा कि क्योंकि अब गरीब सवाल कर रहे हैं कि उन्हें नौकरी कैसे मिलेगी?

    14:05 (IST)27 Dec 2019
    CAA विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोप में नॉर्वे की नागरिक को भारत छोड़ने का निर्देश

    कोच्चि में संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल नॉर्वे की एक महिला को वीजा नियमों का उल्लंघन करने के लिए भारत छोड़ने के लिए कहा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के अधिकारी अनूप कृष्णन ने पीटीआई-भाषा से कहा,‘‘ हमारी जांच में पाया गया कि उन्होंने वीजा नियमों का उल्लंघन किया है और इसलिए उन्हें जाने के लिए कहा गया। एफआरआरओ केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आता है। एफआरआरओ ने कहा था कि सोशल मीडियो के जरिए यह बात सामने आई कि नॉर्वे की एक महिला के 23 दिसंबर को नए कानून के विरोध में प्रदर्शन में कथिततौर पर हिस्सा लिया था और इसके बाद से हम इस मामले की जांच कर रहे हैं। नॉर्वे की महिला जाने मेट जोहानसन (71) ने फेसबुक पोस्ट में कहा था आव्रजन अधिकरण के ब्यूरो ने उसे तत्काल देश छोड़ कर जाने के निर्देश दिए हैं।

    13:42 (IST)27 Dec 2019
    जुमे की नमाज को देखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिन जिलों में इंटरनेट बंद किया गया है, उनमें मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, शामली का नाम शामिल है। शुक्रवार शाम तक इंटरनेट सेवाएं बहाल की जाएगी। वहीं सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

    12:58 (IST)27 Dec 2019
    यूपी के बाद कर्नाटक सरकार भी उपद्रवियों की संपत्ति सीज करेगी!

    वहीं कर्नाटक सरकार भी अब संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों की संपत्ति सीज करने के बारे में विचार कर रही है।

    12:53 (IST)27 Dec 2019
    दिल्ली के सीलमपुर में ड्रोन कैमरों से हो रहा सर्विलांस

    दिल्ली के सीलमपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    12:18 (IST)27 Dec 2019
    बांग्लादेश के अल्संख्यकों ने CAA को बताया मानवतावादी कानून

    विदेश में रहने वाले बांग्लादेश के धार्मिक अल्पसंख्यकों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक समूह ने संशोधित नागरिकता कानून को मानवीय बताते हुए कहा है कि इस कानून के माध्यम से भारत ने बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लाखों गैर-मुसलमानों के प्रति अपने कर्तव्य को आंशिक रूप से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इन गैर-मुसलमानों को हाल के वर्षों में अपना देश छोड़ना पड़ा है और वे अपने अधिकारों के लिए दावा भी नहीं कर सकते। संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के अनुसार, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक कारणों से सताए जाने के बाद वहां से भागकर 31 दिसंबर, 2014 तक भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को देश की नागरिकता दी जाएगी।

    11:17 (IST)27 Dec 2019
    'वे किसी तरह ‘हिंदू राष्ट्र’ योजना लागू करना चाहते हैं' पी.चिदंबरम ने बोला सरकार पर हमला

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर), संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और देश भर में एनआरसी के साथ वह ‘किसी तरह हिंदू राष्ट्र’ परियोजना लागू करना चाहती है। वामपंथ सर्मिथत संगठन की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने जर्मनी के एक छात्र जैकब लिंदेनतल को सीएए के खिलाफ एक प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद भारत छोड़कर जाने का निर्देश दिये जाने के मामले में आईआईटी मद्रास के निदेशक की भी निंदा की।

    10:55 (IST)27 Dec 2019
    कांग्रेस सीएए, एनआरसी पर अफवाहें फैला रही है: नित्यानंद राय

    केन्द्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए संशोधित नागरिकता कानून, 2019 और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) पर लोगों को गुमराह कर रही है और भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री राय ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों ने इस कानून के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान हिंसा को भड़काया।

    10:27 (IST)27 Dec 2019
    बुलंदशहर में इंटरनेट बंद

    वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि बुलंदशहर में बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे सेवा बंद कर दी गयी और शनिवार सुबह इसे बहाल किया जाएगा। बहरहाल, इन जिलों और क्षेत्र में अन्य जगहों पर पुलिस और प्रशासनिक महकमा अलर्ट है ।