इंडोनेशिया से गिरफ्तार हुए अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को लेकर सीबीआई अफसरों की टीम बीते दिन खराब मौसम के चलते रवाना नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि इंडोनेशिया के बाली के नजदीकी क्षेत्र में ज्वालामुखी फटने के बाद से वहां धुआं और राख फैली हुई है, जिसकी वजह से वहां की सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। लेकिन आज सीबीआई राजन को भारत ला सकती है।
बताते चलें कि इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि राजन मंगलवार को भारत लाया जाएगा, लेकिन अब फिर से सीएम का बयान आया कि राजन को आज एक चार्टर प्लेन से भारत लाया जाएगा। उसकी सुरक्षा के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे हैं।
आपको बता दें कि सीबीआई, दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की एक संयुक्त पहले ही इंडोनेशिया पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने बताया कि राजन बहुत जल्द भारत आ जाएगा। इसके बाद उसे मुंबई की आर्थर रोड जेल के अंडा सेल में रखा जाएगा।
गौरतलब है कि छोटा राजन पर हत्या, स्मगलिंग, वसूली और ड्रग तस्करी के करीब 75 मामले दर्ज हैं। इनमें से चार मामले टाडा, एक मामला पोटा और 20 मामले मकोका कानून के तहत दर्ज हैं। 1976 में उस पर पहला केस दर्ज हुआ था।