राजन का परिवार

पत्‍नी: पुलिस का दावा है कि छोटा राजन की पत्‍नी सुजाता निखालजे मुंबई में उसका धंधा संभालती है। उसे 2005 में मकोका के तहत गिरफ्तार किया गया था। उस पर तिलक नगर के विकास से जुड़े काम करवाने वाले बिल्‍डर्स से फिरौती लेने का आरोप था। 2007 में उसे बेल मिली।

बच्‍चे: छोटा राजन और सुजाता की तीन बेटियां हैं। बड़ी और छोटी बेटियां तिलक नगर में मां के साथ रहती हैं। बीच वाली बेटी विदेश में पढ़ाई कर रही है।

माता-पिता: छोटा राजन की मां लक्ष्‍मी निखालजे धार्मिक महिला के रूप में जानी जाती थीं। स्‍थानीय लोगों का कहना है कि उन्‍होंने तिलक नगर में बौद्धों के पूजा करने के लिए एक धार्मिक स्‍थल बनवाने में काफी बढ-चढ़ कर हिस्‍सा लिया था। पिछले साल फरवरी में 85 साल की उम्र में उनकी मौत हो गई थी। राजन के पिता सदाशिव निखालजे सियोन के स्‍वदेशी मिल्‍स में काम करते थे। 70 के दशक में उनकीे नौकरी छूट गई। तब परिवार आर्थिक तंगी में आ गया था।

भाई-बहन: छोटा राजन के छह भाई-बहन थे। इनमें सबसे बड़ा प्रकाश निखालजे था। इस परिवार के एक दोस्‍त का कहना है कि पिता की नौकरी छूटने के बाद प्रकाश सिनेमा हॉल में टिकटों की कालाबाजारी करने लगा था। 2005 में वह फिरौती लेने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। एक बिल्‍डर ने आरोप लगाया था कि उससे 10 लाख रुपए फिरौती लिए गए थे। माना जाता है कि रिहाई के बाद प्रकाश पुणे शिफ्ट हो गया और 2011 में हार्ट अटैक के चलते मर गया। तब वह 54 साल का था।

chhota rajan 1st
तिलक नगर (चेंबूर, मुंबई) स्थित ‘आमची शाला’ स्कूल, जहां छोटा राजन ने पढ़ाई की थी। (फोटो- प्रशांत नादकर)

 

आकाश निखालजे: आकाश बड़ी साधारण जिंदगी जीता है। वह एक आम आदमी की तरह नौकरी करता है। आने-जाने के लिए हीरो होंडा का इस्‍तेमाल करता है। एक दोस्‍त के मुताबिक वह गुमनाम ही रहना चाहता है। आकाश ने हमसे मुलाकात में भी ज्‍यादा बात नहीं की। छोटा राजन के बारे में बस इतना कहा, ‘पूरा परिवार खुश है। हमें उम्‍मीद है कि वह वहां (बाली में) पूरी तरह सुरक्षित होगा। वह कोई आतंकवादी नहीं है।’

दीपक निखालजे: दीपक राजनीति में है। वह रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के टिकट पर लगातार चुनाव लड़ता रहा है। वह पार्टी का बड़ा नेता है। पिछले दिनों जब प्रधानमंत्री मुंबई गए थे, तो उनके साथ मंच पर देखे जाने के बाद दीपक सुर्खियों में आ गया था।

सुनीता और मालिनी: दोनों छोटा राजन की बहनें हैं। इन्‍हें ‘आका’ कहा जाता है। दोनों तिलक नगर में रहती हैं।

छोटा राजन की पूरी कहानी का पहला हिस्‍सा, इसमें जानें कि कैसे राजेंद्र बना छोटा राजन और दूसरे हिस्‍से में पढ़ें कि वह कैसे दाऊद का साथी बन गया। 

लगातार ब्रेकिंग न्‍यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्‍लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करेंगूगल प्लस पर हमसे जुड़ें  और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें