गर्मी और उमस से बेहाल दिल्ली को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि रविवार 18 जुलाई को यहां मध्यम से तेज बारिश हो सकती है और इसके बाद अगले तीन-चार दिन भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर नारंगी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने यूपी, हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों में भी तेज बरसात की संभावना जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, उमस भरी गर्मी के बीच शनिवार रात से दिल्ली का मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए नारंगी व पीत चेतावनी जारी करते हुए तेज बारिश की संभावना जताई है। इससे गर्मी कम होगी तो तापमान भी फिर से नीचे आएगा। शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री के पार रहा। जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा है। जानकारी के मुताबिक, 18 जुलाई को दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों में भारी वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली में इसके बाद तीन-चार दिन बारिश जारी रहने के आसार हैं।
निजी मौसम वेबसाइट ‘स्काइमेट वेदर’ के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर पूर्व राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही उत्तरी पंजाब और जम्मू कश्मीर में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर कुछ देर के लिए तेज बारिश हो सकती है। शेष उत्तर पूर्व भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। बंगाल की खाड़ी में विकसित नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे अधिकांश हिस्सों में मानसून की बढ़ोतरी होगी। इसी से हरियाणा में भारी बारिश की संभावना जाहिर की जा रही।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले तीन-चार दिनों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है जिसके मद्देनजर शनिवार को राज्य में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई। मौसम केंद्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि पूर्वानुमानित मौसमी परिस्थितियों की वजह से राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग पर भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं और निचले इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। नदी- नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। इसके अलावा, यातायात, बिजली और संचार व्यवस्था बाधित हो सकती है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान उना में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिले का प्रशासनिक केंद्र केयलांग में दर्ज किया गया।