हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ अभी मौजूद है, जबकि 26 फरवरी से एक और विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर पहुंच सकता है। इससे पर्वतीय इलाकों कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल व उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। इससे दिल्ली सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड फिर से लौटने के आसार हैं।

भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ से कहीं-कहीं ओले गिरने के साथ आंधी चलने का भी अनुमान है। साथ ही कुछेक स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना भी है। पश्चिमी विक्षोभ को उत्तरी हिमालय के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है। एक और विक्षोभ 26 फरवरी तक पहुंचेगा।

इससे पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में वर्षा व बर्फबारी में वृद्धि की संभावना है। 26 और 27 फरवरी को जम्मू-कश्मीर,लद्दाख,हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर आंधी आ सकती है। इसके साथ ही मध्य भारत में भी बारिश का ताजा दौर शुरू हो सकता है। पहाडों में बर्फबारी के बाद मैदानों में सिहरन बढ़ सकती है। इस दौरान दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में तापमान में गिरवट आने की संभावना है।

इसके अलावा राजस्थान के मध्य भागों और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। इसी तरह पूर्वी असम, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भी हल्की बारिश हो सकती है।