जो उम्मीदवार 16वीं केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में भाग लेना चाहते हैं, वे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन फार्म भर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 24 नवंबर तय की गई है। वहीं, आवेदन शुल्क का भुगतान 25 नवंबर 2022 दोपहर 3:30 तक किया जा सकता है। सीटेट की पाठ्यचर्या, भाषा, योग्यता और परीक्षा के लिए निर्धारित शहरों की जानकारी सूचना बुलेटिन में दी गई है, जिसे उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।

सीटेट के दोनों पेपर के लिए शुल्क अलग-अलग हैं। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए 1000 रुपए का शुल्क देना होगा। वहीं दोनों पेपर के लिए 1200 रुपए का शुल्क तय किया गया है। दूसरी ओर, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को एक पेपर के लिए 500 रुपए और दोनों पेपर के लिए 600 रुपए शुल्क का भुगतान करना होगा। यह परीक्षा दिसंबर, 2022 से जनवरी, 2023 तक आयोजित की जाएगी।

यूनेस्को, भारत, अफ्रीका हैकाथन का आयोजन करेगा शिक्षा मंत्रालय

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के साथ मिल कर 22 से 25 नवंबर के बीच यूनेस्को, भारत, अफ्रीका हैकाथन का आयोजन करने जा रहा है। इस हैकाथन का उद्धाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर सकती हैं। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक अपनी तरह के इस पहले आयोजन में 26 देशों के करीब एक हजार विद्यार्थी शामिल होंगे जिसमें विद्यार्थी विभिन्न तकनीकी समस्याओं का समाधान खोजेंगे। यह हैकाथन लगातार 36 घंटे आयोजित किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक प्रतियोगिता के विजेताओं को 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित कर सकते हैं। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा मंत्रालय जुट गया है। मंत्रालय की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार और नोएडा का गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र जारी कर आयोजन की तैयारियों में जुटने को कहा गया है।

विदेशी विश्वविश्वद्यालय के आनलाइन पीएचडी पाठ्यक्रम मान्य नहीं : यूजीसी

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआइसीटीई) ने शुक्रवार को घोषणा की कि विदेशी शिक्षण संस्थानों के सहयोग से ‘एडटेक’ कंपनियों द्वारा पेश आनलाइन पीएचडी पाठ्यक्रम मान्य नहीं हैं। यूजीसी और एआइसीटीई ने विद्यार्थियों के लिए इस साल दूसरी बार ऐसी चेतावनी जारी की है। इस साल की शुरुआत में दोनों नियामकों ने अपने मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों और संस्थानों को ‘एडटेक’ कंपनियों के सहयोग से दूरस्थ शिक्षा और आनलाइन पाठ्यक्रमों की पेशकश के प्रति आगाह करते हुए कहा था कि मानदंडों के अनुसार कोई ‘फ्रेंचाइजी’ समझौता स्वीकार्य नहीं है।

इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन इसी महीने संभव

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आइआइटी), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआइटी) और अन्य इंजीनिरिंग शिक्षा संस्थानों में अगले साल दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए जरूरी जानकारी। इन संस्थानों में संचालित होने वाले विभिन्न बीई/बीटेक पाठ्यक्रमों में सत्र 2023-24 में दाखिल के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (मुख्य) 2023 का आयोजन किया जाना है।

इस परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजंसी (एनटीए) करती है। एजंसी की ओर से 2023 की जेईई मेन परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया नवंबर 2022 में शुरू की जा सकती है। इस संबंध में शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक एनटीए जेईई मुख्य 2023 के लिए आवेदन प्रक्रिया नवंबर के आखिरी सप्ताह में शुरू कर सकता है। एनटीए जेईई मेन 2023 का आयोजन दो बार कर सकता है। इसके लिए जनवरी व अप्रैल के महीने निर्धारित किए जा रहे हैं। दो सालों में कोरोना महामारी के चलते जेईई मुख्य परीक्षा का आयोजन चार और दो बार किया गया था। इसी क्रम में एनटीए इस बार भी जेईई मुख्य का आयोजन दो बार किए जाने की योजना बना रहा है।