राष्ट्रीय युवा वाहिनी के पूर्व सदस्य और जाने-माने कार्यकर्ता उपदेश राना ने दिल्ली के शाहीन बाग में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ चल रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के विरुद्ध बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने कहा है कि वह 9 फरवरी को शाहीन बाग में चल रहे प्ररदर्शन के खिलाफ अपने एक लाख समर्थकों के साथ जवाबी धरना देंगे। उन्होंने एक वीडियो के जरिए इस बात का एलान किया।
उन्होंने कहा है कि ‘9 फरवरी को सुबह 11 बजे शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हमारे 1 लाख लोग धरना देंगे। इन्होंने दिल्ली को बंधक बनाया हुआ है और पीएफआई का फंड वहां इस्तेमाल हो रहा है और वह संविधान की किताबें दिखा रहे हैं लेकिन अब हम इन्हें दिखाएंगे की संविधान होता क्या है।’
उपदेश राना के इस एलान के बाद वह एकबार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। उपदेश पहली बार तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 2017 में कोलकाता की टीपू सुल्तान मस्जिद के इमाम को मस्जिद में घुसकर थप्पड़ जड़ दिया था। इमाम ने कहा था कि अगर देश अगर हिन्दू राष्ट्र बना तो मुसलमान जिहाद की तरफ बढ़ेंगे।
उपदेश पर कई धोखाधड़ी के केस भी चल रहे हैं। आरोप है कि वह लोगों से पैसा लेते हैं और उन्हें वापस नहीं करते। इसके साथ ही उसपर बॉलीवुड में एंट्री देने के लिए भी लोगों से अवैध वसूली करने के आरोप हैं। ‘लल्लन टॉप’ में छपी एक खबर के मुताबिक, वह अपनी जान-पहचान का फायदा उठाकर लोगों से पैसा हड़पता है। ‘लल्लन टॉप’ ने इस अवैध वसूली के कुछ सबूत भी साझा किए हैं।