नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में देशभर के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कई जगह ये विरोध प्रदर्शन हिंसक हुए हैं और इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़पें भी हुई हैं। इसी बीच नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भी लोग सड़कों पर उतरना शुरू हो गए हैं। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें CAA के समर्थन में निकले गए एक मार्च का वीडियो फुटेज है। जिसमें कपिल मिश्रा और बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं।

इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रदर्शनकारी नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं। इसके साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्रदर्शनकारी ‘गोली मारो…देश के गद्दारों को’ जैसे नारे भी लगा रहे हैं। बता दें कि शुक्रवार को नागरिकता कानून के विरोध में देश के अलग-अलग हिस्सों में जमकर हिंसा की घटनाएं हुई। इस दौरान लोगों ने पब्लिक प्रॉपर्टी को भी जमकर नुकसान पहुंचाया।

इसके चलते कुछ लोग इन हिंसक प्रदर्शनों का विरोध भी कर रहे हैं। दिल्ली में कपिल मिश्रा के नेतृत्व में निकाली रैली में भी इन हिंसक प्रदर्शनों की आलोचना की गई और इस मुद्दे पर सरकार का समर्थन किया गया।

यूपी में शुक्रवार को हुई हिंसा के दौरान एक 8 साल के बच्चे समेत कुल 11 लोगों की मौत हो गई। जुमे की नमाज के बाद हिंसा की घटनाएं हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ पत्थरबाजी की। पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को नियंत्रित किया।