आठ राज्यों की 12 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे मंगलवार (17 फरवरी) को आ गए। भाजपा और उसके सहयोगियों ने सात सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस ने 2, सपा, तेलंगाना राष्‍ट्र समिति और सीपीएम को एक-एक सीट पर जीत मिली। 12 में से चार सीटें भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने विपक्षी पार्टियों से छीनी हैं। इसके अलावा भाजपा त्रिपुरा की अमरपुर सीट पर दूसरे पायदान पर रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नतीजों पर खुशी जताई है। लेकिन, मुजफ्फरनगर में पार्टी जुलूस निकाल कर जीत का जश्‍न नहीं मना सकी, क्‍योंकि प्रशासन ने विजय जुलूस पर रोक लगा दिया।

उत्‍तर प्रदेश की तीन सीटों पर उपचुनाव हुए। इनमें बीकापुर(फैजाबाद) में सपा ने कब्‍जा बरकरार रखा। यहां से सपा उम्‍मीदवार आनंद सेन यादव ने जीत दर्ज की। वहीं मुजफ्फरनगर सीट भाजपा ने सपा से छीन ली। यहां से भाजपा के क‍पिल देव अग्रवाल ने 6000 मतों से जीत हासिल की। यह सीट भाजपा के प्रतिष्‍ठा का सवाल बनी हुई थी। मुजफ्फरनगर सांसद संजीव बालियान ने इस सीट पर प्रचार के लिए खुद मोर्चा संभाल रखा था। वहीं देवबंद सीट पर कांग्रेस ने विजय हासिल की। उपचुनावों से पहले तीनों सीटें सपा के पास थी।

इधर, बिहार, महाराष्‍ट्र और पंजाब में भाजपा के सहयोगी दलों ने बाजी मारी। बिहार की हरलाखी सीट आरएलएसपी उम्मीदवार  18 हजार मतों से जीती। पहले ये सीट राजद के पास थी। महाराष्‍ट्र के पालघर में शिवसेना उम्मीदवार जीते हैं। शिवसेना ने यह सीट बरकरार रखी है। वहीं पंजाब की खडूर साहिब‍ सीट पर शिरोमणि अकाली दल ने कब्‍जा किया। कांग्रेस विधायक के इस्‍तीफे के बाद यह सीट खाली हो गई थी। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने उपचुनाव में प्रत्‍याशी नहीं उतारा।

तेलंगाना की मेडक जिला सीट तेलंगाना राष्‍ट्र समिति ने जीत ली है।  त्रिपुरा में अमरपुर सीट पर सीपीएम उम्‍मीदवार ने बाजी मारी। मध्य प्रदेश के मैहर और कर्नाटक में दो हब्‍‍बल व देवदुर्गा सीटों पर भी भाजपा विजयी रही।  कर्नाटक की एक अन्‍य सीट बीदर पर कांग्रेस को जीत मिली।