चुनाव आयोग ने देश के छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के तारीखों की घोषणा कर दी है। बता दें कि बिहार की दो सीटों पर और महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और ओडिसा की एक-एक सीट पर उपचुनाव होने हैं। इन सभी सीटों पर 3 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 6 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
चुनाव आयोग के अनुसार इन सभी सीटों पर नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर है। वहीं नॉमिनेशन की स्क्रूटिनी की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर है, जबकि नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर हैं। 3 नवंबर को सभी सात सीटों पर वोट डाले जाएंगे। जबकि 6 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
महाराष्ट्र की अँधेरी ईस्ट सीट पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं। जबकि बिहार की मोकामा विधानसभा और गोपालगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। वहीं हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट, तेलंगाना की मुनुगोड़े विधानसभा सीट, उत्तर प्रदेश की गोला गोकरननाथ विधानसभा सीट और ओडिसा की धामनगर (SCअरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं।
वहीं चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के साथ ही इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अब इन निर्वाचन क्षेत्रों में सभी राजनीतिक दलों और सरकार को चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक उपचुनाव 1 जनवरी 2022 को तैयार मतदाता सूची के आधार पर कराया जायेगा।
मोकामा से आरजेडी के विधायक रहे अनंत सिंह की विधायक सदस्यता रद्द होने के कारण मोकामा में विधानसभा उप चुनाव हो रहा है। अनंत सिंह कई मामलों में जेल में बंद हैं।
बता दें कि हरियाणा की आदमपुर सीट कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। 2019 चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी, लेकिन दो महीने पहले उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसके बाद से ही यह सीट खाली है। माना जा रहा बीजेपी उन्हें ही इस विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाएगी। बता दें कि 2019 में यहां से बिश्नोई के खिलाफ दिवंगत बीजेपी नेत्री सोनाली फोगाट ने चुनाव लड़ा था और हार गईं थीं। सोनाली फोगाट की अगस्त महीने में मृत्यु हो गई थी।