Anand mahindra: सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले भारतीय उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने सड़कों को हरभरा करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से अपील की है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसको लेकर उन्होंने कहा कि नितिन जी क्या हम सड़कों के किनारे पेड़ों के सुरंग बनाने पर काम कर सकते हैं?
आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, “मुझे सुरंग पसंद हैं, लेकिन सच कहूं तो मुझे ऐसे सुरंग ज्यादा पसंद हैं। नितिन गडकरी जी क्या हम आपके द्वारा बनाई जा रही नई ग्रामीण सड़कों पर इस तरह के सुरंगों की योजना बना सकते हैं?”
बता दें कि आनंद महिंद्रा ने जो वीडियो शेयर किया है वो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक सड़क के किनारे कई सारे पेड़ लगे हुए हैं। जोकि एक सुरंग की तरह दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में आनंद महिंद्रा ने सड़क के निर्माण में पेड़ों के कटान को बचाने और पर्यावरण की नजर से इस तरह के सड़क निर्माण के लिए नितिन गडकरी का ध्यान आकर्षित किया है।
इस वायरल वीडियो को दो मिलियन से अधिक व्यूज मिले हैं। वहीं आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को रिट्वीट किया है। जिसे 35 हजार से अधिक लोगों ने पसंद किया। इस पर सोशल मीडिया यूजर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि सर, अगर आप कोल्हापुर को कोंकण से जोड़ने वाले राधानगरी वन क्षेत्र की यात्रा करेंगे तो इसी प्रकार का अनुभव होगा। वहीं रौनक नाम के यूजर ने लिखा, “बढ़िया सर, वास्तव में यह शानदार सुझाव है।”
बता दें कि आनंद महिंद्रा अक्सर सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इनोवेटिव तरीके शेयर करते रहते हैं। इसके अलावा वो देश में लोगों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने और उन्हें मोटिवेट करते रहते हैं। हाल ही में इंग्लैंड में संपन्न हुए राष्ट्रमंडल खेल 2022 में दीपक पूनिया के द्वारा भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने पर उन्होंने खुशी जाहिर की थी। बता दें कि दीपक पूनिया ने पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 86 किग्रा भार वर्ग में 3-0 से हराया था।
इसके बाद आनंद महिद्रा ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें एक बच्चा सड़क पर कलाबाजी दिखाते हुए सभी को हैरान कर रहा था। छोटे से बच्चे की इस रोमांचकारी कलाबाजी देखकर आनंद महिंद्रा काफी प्रभावित हुए। उन्होंने इसका वीडियो ट्वीट कर कहा, “CWG2022 में भारत के लिए गोल्ड रश के बाद अगली पीढ़ी की प्रतिभा आकार ले रही है। इस तरह की प्रतिभा को हमें फास्ट ट्रैक पर लाने की जरूरत है।”