ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने के मुद्दे पर जारी राजनीतिक अनिश्चितता के बीच बोरिस जॉनसन ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने कंजर्वेटिव पार्टी की नेतृत्व दौड़ में जीत हासिल की। बोरिस ने विदेश मंत्री जेरेमी हंट को हराया। उन्होंने वादा किया है कि इस साल 31 अक्टूबर तक ब्रेग्जिट (ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होना) को पूरा करेंगे। पूर्व विदेश मंत्री एवं लंदन के पूर्व मेयर जॉनसन इस रेस में पहले से आगे बताए जा रहे थे। पिछले महीने टेरेसा मे ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। बोरिस एक पत्रकार रह चुके हैं और सख्त मिजाज के नेता माने जाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है बोरिस का एकबार भारत में गुस्सैल हाथी से सामना हो गया था। हाथी उनके पीछे इस कदर पड़ गया था कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागना पड़ा।
दरअसल ये घटना साल 2003 की है। बोरिस केरल में एक शादी में शामिल हुए थे। यह शादी मशहूर लेखक खुशवंत सिंह के बड़े भाई के पोते कबीर की शादी में शामिल होने आए थे। पोते की शादी आईएएस अधिकारी से राजनेता बने कृष्णा कुमार जो कि राजीव गांधी सरकार में मंत्री रह चुके थे उनकी बेटी ऐश्वर्या से थी। केरल में शादी के दौरान हाथी को भी शामिल किया जाता है। यह केरल की संस्कृति का हिस्सा है। इस खास मौके पर कृष्ण कुमार ने गोपालन नाम के हाथी को बुक किया था। लेकिन समारोह के दौरान हाथी बेकाबू हो गया और मेहमानों पर ही हमलावर हो गया। इस दौरान हाथी ने बोरिस जॉनसन पर भी अटैक किया लेकिन वह किसी तरह वहां से बच निकले।
‘मुंबई मिरर’ से बातचीत में इसी साल अप्रैल में बीजेपी में शामिल हुए कृष्ण कुमार ने कहा ‘बोरिस भारतीय रीति-रिवाजों को जानने के लिए हमेशा से उत्सुक रहते थे। हमने उन्हें कबीर और एशवर्य की रॉयल वेडिंग के लिए आमंत्रित किया था। यह शादी तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में स्थित तिरुवत्तार आदिकेशव पेरुमल मंदिर में आयोजित की गई थी। शादी और रिसेप्शन के कुल चार दिन के कार्यक्रम के लिए बोरिस सहपरिवार भारत आए थे। शादी में एक हाथी भी था जिसने मेहमानों पर हमला कर दिया। बेकाबू हाथी इधर से उधर भाग रहा था। हाथी ने बोरिस पर भी हमला किया लेकिन वह किसी तरह बच निकले। हालांकि हाथी ने कई मेहमानों को घायल कर दिया था।’
इस घटना के बाद लंदन लौटने पर बोरिस ने एक न्यूज पेपर में एक लेख भी लिखा। बता दें कि बोरिस कई बार भारत का दौरा कर चुके हैं। वह अपनी पूर्व पत्नी मरीना व्हीलर के साथ दिल्ली और मुंबई का भी दौरा कर चुके हैं। मरीना की मां डीप व्हीलर ने भारतीय सिख दलजीत सिंह से शादी की थी। दलजीत सिंह जाने-माने बिल्डर सर सोभा सिंह के बेटे थे। वहीं लेखक खुशवंत सिंह दलजीत सिंह के भाई हैं। पिछले साल ही बोरिस और व्हीलर एक दूसरे से अलग हुए हैं।