बॉक्सिंग से एक्टिंग और फिर पॉलिटिक्स में आए विजेंद्र सिंह ने किसानों के आंदोलन को खुला समर्थन दिया है। शनिवार को वह सिंघु बॉर्डर (हरियाणा-दिल्ली सीमा) पर प्रदर्शन में पहुंचे, जहां उन्होंने बड़ा ऐलान किया। चेताया कि अगर केंद्र सरकार तीनों काले कानूनों (कृषि कानूनों) को वापस नहीं लेती, तो वह अपना राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड लौटा देंगे। बता दें कि यह देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। जुलाई 2009 में उन्हें खेल रत्न से नवाजा गया था। विजेंद्र मौजूदा समय में कांग्रेस में है। वह साल 2019 में आम चुनाव भी लड़े थे।

किसानों पर कंगना को भी दिया था जवाबः किसानों के प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और पंजाबी कलाकार दिलजीत दोसांझ के बीच टि्वटर पर जो तीखी नोक-झोंक हुई, उसमें विजेंद्र भी कूदे थे। उन्होंने ट्वीट कर रनौत से साफ कहा था- गलत पंगा ले लिया है, बहन। हालांकि, एक्ट्रेस ने जवाब देते हुए पूछा था- क्यों, तू भी शिवसेना बनाएगा भाई?

एक नजर में विजेंद्र सिंह कोः बॉक्सर का पूरा नाम- विजेंद्र सिंह बेनीवाल है। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले सिंह राष्ट्रीय स्तर के प्रोफेश्नल बॉक्सर हैं। उन्होंने 2008 Beijing Olympics, 2009 World Championships और 2010 Commonwealth Games में ब्रोंज मेडल व साल 2006 और 2014 Commonwealth Games में सिल्वर मेडल (सभी मिडलवेट डिविजन में) में अपने नाम किए थे। उन्हें बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन के लिए पद्म श्री, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स के सम्मानों ने नवाजा जा चुका है।

फिल्मों में भी आजमाया हाथः बताया जाता है कि एक फिल्म के लिए विजेंद्र को साइन किया गया था। पर शादीशुदा होने के कारण उनके हाथ से यह फिल्म चली गई थी। बाद में उन्हें फगली नाम की फिल्म मिली, जो 13 जून 2014 को रिलीज हुई। यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। बाद में सिंह कुछ समय के लिए मॉडलिंग रैंप और रिएलिटी शोज़ में भी दिखे। उनकी पत्नी का नाम अर्चना है। वह पेशे दिल्ली से हैं और सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। दोनों की शादी दिल्ली में बड़ी ही सादगी के साथ हुई, जबकि भिवानी (हरियाणा) में रिसेप्शन हुआ था।