दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े अलग-अलग मामलों में आज बॉम्बे हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुनाया है। सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती की ओर से अभिनेता की बहन प्रियंका सिंह और मीतू सिंह के खिलाफ अदालत मे केस दर्ज करवाया गया था। अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती की ओर से सुशांत सिंह राजपूत की बहनों पर दर्ज एफआईआर मामले में एक बहन को राहत देने से बॉम्बे हाई कोर्ट ने इनकार कर दिया। सुशांत सिंह की बहन प्रियंका सिंह को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली, जबकि कोर्ट ने मीतू सिंह पर रद्द एफआईआर रद्द कर दी। जाहिर है अब प्रियंका पर एफआईआर कायम रहेगी। प्रियंका सिंह के खिलाफ आए फैसले को परिवार के वकील विकास सिंह सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे।

बता दें कि दोनों ही बहनों ने अदालत में यायिका दायर कर अपने ऊपर दर्ज एफआईआऱ को रद्द करने की अपील की थी। इस एफआईआर में धोखाधड़ी करने औऱ Narcotic Drugs and Psychotropic Substances यानी NDPS Act के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ था। यह केस सुशांत सिंह की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने दायर कियाथा। रिया चक्रवर्ती खुद और उनका परिवार भी जून में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में जांच का सामना कर रहा है।

सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती ने अपनी शिकायत में सुशांत की बहन प्रियंका सिंह और मीतू सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने दिल्ली के डॉक्टर तरुण कुमार से मिलकर सुशांत के लिए फर्जी प्रिस्क्रिप्शन लिखवाया था। रिया का आरोप था कि सुशांत की मानसिक हालत जानें बिना उनके लिए दवाइंया लिख दी गई थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि सुशांत को 8 जून को यह दवाइयां प्रिस्क्राइब की गई थीं और 14 जून को एक्टर ने खुदकुशी कर ली थी, इसलिए तीनों पर खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का भी आरोप बनता है। बताते चलें कि 14 जून, 2020 को सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। एक तरफ जहां मुंबई पुलिस इसे सुसाइड मानकर चल रही थी।

वहीं दूसरी ओर सुशांत के परिवार ने इसे सुसाइड के लिए उकसाने का मामला बताया। उन्होंने रिया चक्रवर्ती पर सुशांत को जबरदस्ती ड्रग्स देने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। इस मामले की जांच अब सीबीआई द्वारा की जा रही है।