Indigo Emergency Landing: कोच्चि से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। विमान को बम की धमकी मिलने के बाद एहतियातन यह कदम उठाया गया। विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया है। यात्रियों को विमान से उतारकर जांच की जा रही है।

हालांकि, विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। जानकारी के मुताबिक, विमान 6E-2706 कोच्चि से सुबह 9.11 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। इसका दिल्ली में लैंड करने का समय दोपहर 12.35 बजे था। इस बीच दो घंटे 43 मिनट हवा में रहने के बाद विमान को सुबह 11.54 बजे नागपुर में उतारा गया।

डीसीपी नागपुर लोहित मतानी ने बताया कि बम की धमकी मिलने के बाद मस्कट-कोच्चि-दिल्ली से उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2706 को नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सभी यात्रियों को उतार लिया गया है, जांच जारी है, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट कैंसिल

वहीं, एक अन्य मामले में तकनीकी खराबी के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट AI-159 को कैंसिल कर दिया गया है। यह वाली अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली थी।

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही फ्लाइट में खराबी, यात्रियों को कोलकाता उतारा गया

सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इस वजह से मंगलवार को कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को उतारना पड़ा। फ्लाइट एआई180 समय पर 0045 बजे हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग 0520 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।

उड़ान भरने के लिए प्लेन ने क्यों किया पूरे रनवे का इस्तेमाल? ATC को जांच में मिले कुछ असामान्य सवाल

एअर इंडिया की फ्लाइट AI180 निर्धारित समय के अनुसार सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट से रवाना हुई। हालांकि, कोलकाता एयरपोर्ट पर सुबह 12:45 बजे पहुंचने पर इसके बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। चार घंटे से अधिक समय बाद सुबह 5:20 बजे एक बताया गया कि सभी यात्रियों को विमान से उतरना होगा।

अहमदाबाद हादसे के बाद भय का माहौल

बता दें, अहमदाबाद फ्लेन क्रैश के बाद डर का माहौल बना हुआ है। पांच दिन पहले अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाले एअर इंडिया के विमान एआई-171 के उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गया था। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास भवन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। एयर इंडिया के इस विमान में 230 यात्री, 10 केबिन क्रू सदस्य और दो पायलट सहित 242 लोग सवार थे। जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी थे। ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश को छोड़कर सभी यात्रियों की इस हादसे में मौत हो गई थी।अ

दिल्ली आ रहे एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान में आई थी खराबी

इससे पहले बीते दिन हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में ही तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा था। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एअर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है।

रविवार को लंदन से चेन्नई आ रही फ्लाइट में भी हुई थी दिक्कत

रविवार को लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से चेन्नई (भारत) के लिए रवाना हुई ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान बीए35 ने उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी दिक्कत महसूस की थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर दोपहर 1:16 बजे (ब्रिटिश समयानुसार) पर 36 मिनट की देरी से उड़ा, लेकिन लगभग 15,000 फीट की ऊंचाई पर पायलटों ने फ्लैप सिस्टम में गड़बड़ी के संकेत पाए। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को डोवर की खाड़ी के ऊपर होल्डिंग पैटर्न में घुमते हुए कई चक्कर लगाए। इसी दौरान विमान लगभग 30 मिनट तक 12,000 फीट पर रहा और सुरक्षित लैंडिंग के लिए अतिरिक्त ईंधन हवा में ही गिराया गया, ताकि वजन कम हो सके। कुल लगभग एक घंटा 45 मिनट बाद विमान ने हीथ्रो के रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्रियों और क्रू को सकुशल उतार लिया गया।

‘हमने गेट से बाहर आते हुए एक आदमी को देखा, नहीं पता था कि वह यात्री है’, संधू ने रमेश विश्वास की मदद की; देखें VIDEO

लुफ्थांसा की फ्लाइट को यू-टर्न लेकर फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट वापस जाना पड़ा था

हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की एक फ्लाइट को भी रविवार शाम को यू-टर्न लेकर फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर वापस उतरना पड़ा था। फ्लाइट LH752 जर्मनी से रवाना हुई थी। उसे सोमवार सुबह हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था। लुफ्थांसा एयरलाइंस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि हमें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसीलिए विमान ने यू-टर्न लिया और वापस लौट आया।

बम की धमकी वाला ईमेल मिला था

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, 15 जून 2025 को शाम 18:01 बजे हैदराबाद हवाई अड्डे पर लुफ्थांसा फ्लाइट एलएच 752 को बम की धमकी वाला ईमेल मिला। बम की धमकी के बाद आकलन समिति का गठन किया गया और एसओपी के अनुसार सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर एयरलाइन को मूल स्थान या निकटतम उपयुक्त हवाई अड्डे पर वापस जाने की सलाह दी गई।

लखनऊ में सऊदी के विमान के पहियों से निकला धुआं

15 जून की सुबह जेद्दा से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरे सऊदी अरब के एक विमान के पहियों से धुआं निकलता हुआ देखा गया। विमान बचाव और अग्निशमन (ARFF) की टीम मौके पर पहुंची। सऊदी अरब की टीम के साथ मिलकर धुएं को नियंत्रित किया गया और विमान को किसी भी अनहोनी से बचाया गया। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और एयरपोर्ट संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। अहमदाबाद प्लेन हादसे पर सरकार की हाई लेवल कमेटी की बैठक में क्या हुई चर्चा? पढ़ें…पूरी खबर।