Urmila Matondkar Quits Congress: बॉलिवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने महज 5 महीने में कांग्रेस को अलविदा कह दिया। उनका कहना है कि पार्टी की मुंबई यूनिट में ओछी राजनीति होती है। इसके चलते उनका मन उचट गया है और उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देने का फैसला किया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान उर्मिला ने कांग्रेस का दामन थामा था और मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

उर्मिला ने विश्वासघात होने का भी जिक्र किया: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस संबंध में उर्मिला मातोंडकर ने मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा को एक पत्र भेजा था। इसमें उन्होंने ‘विश्वासघात’ होने का जिक्र किया था।

National Hindi Khabar, 10 September 2019 LIVE News Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

अभिनेत्री से बनी थीं नेता: गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान उर्मिला मातोंडकर अभिनेत्री से नेता बनी थीं। उस दौरान उन्होंने जनता की सेवा के लिए राजनीति में आने की बात कही थी। हालांकि, चुनाव के दौरान उन्हें बीजेपी के दिग्गज नेता गोपाल शेट्टी से करारी शिकस्त मिली।

ISRO Chandrayaan 2 Live Updates: महज 35 घंटे में ही ISRO ने लैंडर ‘विक्रम’ को खोज निकाला, संपर्क साधने की कोशिश जारी

खत सार्वजनिक होने पर जताई आपत्ति: उर्मिला ने खत का हवाला देते हुए कहा, ‘‘खासतौर पर भेजी गई गोपनीय चिट्ठी मीडिया में लीक होना मेरे साथ विश्वासघात की तरह है। पार्टी की मुंबई यूनिट में ओछी राजनीति हो रही है।’’

राहुल गांधी ने किया था उर्मिला का स्वागत: बता दें कि रंगीला (1995), जुदाई (1997) और मस्त (1999) जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाली मातोंडकर ने मार्च 2019 में कांग्रेस पार्टी जॉइन की थी। उस वक्त पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने उनका स्वागत किया था। साथ ही, तत्काल प्रभाव से उन्हें मुंबई नॉर्थ संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित कर दिया था।