BMC Polls: आगामी बीएमसी चुनावों के लिए भाजपा ने 137 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस सूची को ध्यान से देखने पर साफ पता चलता है कि पार्टी ने महिलाओं को खास तरजीह दी है। कुल 137 उम्मीदवारों में 76 महिलाएं और 61 पुरुष हैं। मुंबई नगर निगम चुनावों में यह महिलाओं का अब तक का सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व माना जा रहा है। जहां बीएमसी की 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, वहीं भाजपा ने खुले वार्डों में भी महिला उम्मीदवार उतारकर एक कदम आगे बढ़ाया है।
खुले वार्ड वे सीटें होती हैं, जहां आमतौर पर पुरुष उम्मीदवार चुनाव लड़ते हैं, खासकर वे जो किसी आरक्षित श्रेणी जैसे ओबीसी या एसटी में नहीं आते। इसके बावजूद भाजपा ने इन अहम सीटों पर भी महिलाओं को मौका दिया है।
उदाहरण के तौर पर वार्ड नंबर 57, गोरेगांव को लें। यह एक खुली सीट है, जहां भाजपा ने पूर्व पार्षद श्रीकला पिल्लई को फिर से उम्मीदवार बनाया है। उनके पिता रामचंद्रन पिल्लई कांग्रेस से पांच बार बीएमसी पार्षद रह चुके थे। 2010 में उनके निधन के बाद श्रीकला पिल्लई ने 2017 का नगर निगम चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा और जीत हासिल की।
BJP के मुंबई BMC उम्मीदवार (महिला उम्मीदवार – ओपन वार्ड)
| विवरण | संख्या / जानकारी |
|---|---|
| कुल BJP उम्मीदवार | 137 |
| महिला उम्मीदवार | 76 |
| पुरुष उम्मीदवार | 61 |
| महिला उम्मीदवारों का प्रतिशत | 55% |
| BMC में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें | 50% |
ओपन वार्ड में महिला उम्मीदवारों की सूची
| वार्ड नंबर | क्षेत्र | उम्मीदवार का नाम |
|---|---|---|
| 57 | गोरेगांव | श्रीकला पिल्लई |
| 55 | कांदिवली | निशा परुलेकर |
| 98 | खार | अलका केरकर |
| 225 | फोर्ट–कोलाबा | हर्षिता नार्वेकर |
श्रीकला पिल्लई का कहना है कि उन्होंने पिछले 15 वर्षों से वार्ड में लगातार काम किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी में उनका इंटरव्यू हुआ था और उन्हें उम्मीद थी कि उनके काम को देखते हुए पार्टी उन्हें दोबारा टिकट देगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि खुले वार्डों से भी महिला उम्मीदवार उतारने का फैसला स्थानीय हालात और जीत की संभावना को देखकर किया गया है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगर किसी सीट पर महिला उम्मीदवार के जीतने की सबसे ज्यादा संभावना है, तो यह मायने नहीं रखता कि वह सीट आरक्षित है या खुली।
इसी नीति के तहत वार्ड 55 से मराठी फिल्म अभिनेत्री निशा पारुलेकर को कांदिवली के एक खुले वार्ड से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं वार्ड 98, जिसमें खार इलाका शामिल है। उससे पूर्व उप महापौर और भाजपा पार्षद अलका केरकर को खुली सीट से मैदान में उतारा गया है। इसी तरह वार्ड 225, जो फोर्ट और कोलाबा क्षेत्र को कवर करता है और एक खुली सीट है, वहां से भाजपा ने हर्षिता नार्वेकर को उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें- 100 यूनिट तक फ्री बिजली, 10 रुपये में ब्रेकफास्ट…, BMC चुनाव के लिए ठाकरे बंधुओं का घोषणापत्र जारी
मीडिया से बात करते हुए हर्षिता नार्वेकर ने कहा कि नगर निगम चुनाव में मतदाताओं से सीधा और व्यक्तिगत जुड़ाव सबसे अहम होता है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार पुरुष हो या महिला, इससे फर्क नहीं पड़ता। अगर आप अपने मूल मतदाताओं से जुड़े हैं और उनके भरोसे पर चुनाव जीत सकते हैं, तो पार्टी पूरा समर्थन देती है। मुझे खुशी है कि मेरे पिछले काम को सराहा गया और मुझे फिर से टिकट मिला। हर्षिता ने यह भी कहा कि मुकाबला दोस्ताना है और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह यह सीट जीतेंगी।
हर्षिता ने 2017 में वार्ड 226 से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। इस बार पार्टी ने उन्हें वार्ड 225 से उम्मीदवार बनाया है। वहीं वार्ड 226 से उनके बहनोई मकरंद नरवेकर चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड 225 में भाजपा की हर्षिता नार्वेकर और शिवसेना की सुजाता सनप के बीच दोस्ताना मुकाबला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- BJP नेता ने ऑन ड्यूटी महिला अधिकारी के साथ की मारपीट, दफ्तर में घुसकर हमले के लगे आरोप
