देश में कोरोना विषाणु के ओमीक्रान बहुरूप के कारण संक्रमण के कारण रैली आदि पर प्रतिबंध लगा हुआा है जो आगे भी जारी रह सकता है। ऐसी स्थिति में सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी डिजिटल सेना के भरोसे प्रचार में उतर रही हैं। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी अन्य पार्टियों के मुकाबले थोड़ा आगे नजर आती है।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां पर सात चरणों में मतदान होना है। प्रदेश में राजनीतिक दलों की डिजिटल उपस्थिति का बात करें तो यहां पर भाजपा आगे दिख रही है। उत्तर प्रदेश भाजपा ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर चाहने वालों की संख्या के लिहाज से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से आगे हैं। सोशल मीडिया के इन तीनों मंचों पर उत्तर प्रदेश भाजपा के कुल मिलाकर करीब 81 लाख चाहने वाले हैं।

इसी तरह समाजवादी पार्टी के ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कुल 58 लाख पसंद करने वाले हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस इस मामले में बहुत पीछे है। सोशल मीडिया पर उसके इन तीनों मंचों पर सिर्फ 11.31 लाख पसंद करने वाले हैं। प्रदेश में चुनाव लड़ रहे अन्य दल जैसे बहुजन समाज पार्टी, लोकदल आदि की डिजिटल उपस्थिति बहुत कम है।

उत्तराखंड में राजनीतिक दलों की डिजिटल उपस्थिति में भी भाजपा आगे है। वहीं, प्रदेश में आम आदमी पार्टी और काग्रेस की स्थिति एक समान है। उत्तराखंड में ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भाजपा को पसंद करने वालों संख्या 4.17 लाख हैं। इसी तरह कांग्रेस के 2.76 लाख और ‘आप’ के 2.80 लाख से ज्यादा चाहने वाले इन तीनों सोशल मीडिया मंचों पर मौजूद हैं।

पंजाब में डिजिटल उपस्थिति के मामले में ‘आप’ सबसे आगे है। वहीं, कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान है। पंजाब ‘आप’ के ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर चाहने वालों की संख्या 15.98 लाख है। इसी तरह सोशल मीडिया के इन तीनों मंचों पर कांग्रेस को 7.69 लाख लोग पसंद करते हैं। वहीं, भाजपा को सिर्फ 4.36 लाख लोग पसंद करते हैं।

योगी सबसे आगे

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में बड़े नेताओं की बात करें तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चाहने वाले ट्विटर और फेसबुक पर सबसे ज्यादा हैं। सोशल मीडिया के इन दोनों मंचों पर 2.36 करोड़ से ज्यादा चाहने वाले हैं। इस मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी से थोड़ा ही पीछे हैं। अखिलेश को ट्विटर और फेसबुक पर 2.28 करोड़ लोग पसंद करते हैं।